हिसार। महाबीर स्टेडियम में चल रही स्टेट हैंडबाल चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला वीरवार को हिसार और जींद के बीच हुआ। रोमांचक मैच के दूसरे हाफ में दोनों टीमों के बीच जींद के खिलाड़ी के कोहनी मारने से शुरू हुआ झगड़ा मैच के अंत और समापन समारोह तक बना रहा। मैच के दौरान मुख्य अतिथि सिरसा के डीसी के सामने ही हिसार के खिलाड़ी ने जींद के खिलाड़ी को थप्पड़ जड़ दिया। इस पर खिलाड़ियों के बीच हंगामा हो गया। हालांकि जींद की टीम ने हिसार को 29-25 से हरा दिया।
समापन समारोह से ठीक पहले फिर से शुरू हुए झगड़े और हंगामे के बीच बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित सिरसा के उपायुक्त प्रदीप डागर नाराज हो गए। उन्होंने स्वयं माइक थामा और खिलाड़ियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि क्या आप खिलाड़ी हो और यह आपकी खेल भावना है क्या? आपको शर्म आनी चाहिए। क्या मुझे यही दिखाने के लिए यहां बुलाया गया था। दुख होता है ऐसा देखकर। उन्होंने कहा कि झगड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। हालांकि बाद में खिलाड़ियों, कोच और एसोसिएशन की तरफ से माफी मांगने पर उपायुक्त ने चेतावनी देते हुए खिलाड़ियों को माफ कर दिया।
रोहतक के अखाड़े में नहीं देखा क्या... ऐसा ही तो हुआ था
झगड़ा बढ़ता देख मुख्य अतिथि उपायुक्त प्रदीप डागर ने स्वयं माइक संभाल लिया। उन्होंने मैदान में मौजूद सभी खिलाड़ियों को फटकार लगाते हुए कहा कि क्या हुआ अगर एक ने थप्पड़ मार दिया तो। क्या सामने वाला चार थप्पड़ मारेगा। यहां से शुरू हुई दुश्मनी भविष्य में भी रहती है, ये हमें पता है। उन्होंने रोहतक के एक अखाड़े में हाल ही में गोली मारकर की गई हत्याओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि आपने रोहतक में नहीं देखा, क्या हुआ था। वह इन्हीं चीजों से शुरू हुआ था। जरा सोचिए। अपने भविष्य के लिए, स्वयं के लिए, अपने परिवार के लिए। अगर आपमें खेल भावना नहीं है तो आप खिलाड़ी नहीं हो सकते।
गोल करने के बाद जींद के खिलाड़ी ने मार दी थी कोहनी
दूसरे हाफ में जब जींद का स्कोर 19 और हिसार का स्कोर 15 था, तब जींद के खिलाड़ी ने हिसार की टीम पर गोल दागा और हिसार के खिलाड़ी को कोहनी मार दी थी। इस पर हिसार के खिलाड़ी ने भी उसी वक्त जींद के खिलाड़ी को कमर में थप्पड़ मारा। इसके बाद फिर से मैच चला और जींद की टीम ने हिसार को 29-25 से हरा दिया। मैच के बाद खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि सिरसा उपायुक्त प्रदीप कुमार द्वारा सम्मानित किया जाना था। ठीक इससे पहले मंच के सामने ही हिसार के खिलाड़ी ने फिर से जींद के खिलाड़ी को थप्पड़ जड़ दिया। इस पर खिलाड़ियों के बीच हंगामा हो गया। जैसे-तैसे कोच और अन्य स्टाफ मामले को शांत करवाने की कोशिश कर रहे थे कि खिलाड़ियों की हरकतें देखकर मुख्य अतिथि को स्वयं माइक थामना पड़ा।
पुरस्कार वितरण के दौरान डीसी ने दी नसीहत, ...जवाब खेल से देना चाहिए
प्रतियोगिता के समापन पर अतिथि विजेता टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित कर रहे थे। इस दौरान मैच के दौरान झगड़ा करने वाले जींद की टीम के कैप्टन मनदीप पुरस्कार लेने के लिए पहुंचे तो वहां मुख्य अतिथि सिरसा उपायुक्त प्रदीप डागर ने उन्हें नसीहत दी। उन्होंने कहा कि झगड़ा बढ़ाने से बढ़ता है और घटाने से घटता है। किसी भी खिलाड़ी को यदि जवाब देना हो तो उसे हाथपांव से नहीं, बल्कि अपने खेल से देना चाहिए।
पुरस्कार वितरण के दौरान जींद के खिलाड़ी को समझाते मुख्य अतिथि उपायुक्त प्रदीप डागर।- फोटो : Hisar
गोल पोस्ट के पास झगड़ते हिसार व जींद के खिलाड़ी।- फोटो : Hisar