हिसार। डॉ. आंबेडकर स्टूडेंट्स फ्रंट ऑफ इंडिया (डास्फी) के पदाधिकारियों ने बुधवार को गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) में अध्ययनरत जम्मू-कश्मीर समेत देश के विभिन्न राज्यों से आए मुस्लिम छात्रों से मुलाकात कर उन्हें बकरीद की मुबारकबाद दी।
इस दौरान कई छात्रों ने संगठन को बताया कि देश के मौजूदा सामाजिक माहौल को देखते हुए कई बार उन्हें अपनी पहचान तक छिपानी पड़ती है। सार्वजनिक स्थानों पर असुरक्षा और भय का अनुभव होता है। संगठन के सदस्यों ने विभिन्न छात्रावासों में जाकर छात्रों से संवाद स्थापित किया।
भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और एकता का संदेश देकर अल्पसंख्यक छात्रों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि डास्फी की संवेदनशीलता और समर्थन से उन्हें यह विश्वास मिला है कि जीजेयू परिसर में वे सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं।
डास्फी के प्रधान वीरभान रतेरा ने कहा कि संगठन विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष अल्पसंख्यक समुदाय के आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए विशेष छात्रवृत्ति, फीस में रियायत और अन्य शैक्षणिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग करेगा।
डास्फी के चेयरमैन सुंदर मुवाल ने कहा कि विवि की ओर से अनेक अवसरों पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों को बढ़ावा दिया जाता है। इस अवसर पर सचिन, अमित, राहुल, असलम, जहरीन खान, अहमद, करीम, सलमान अजहर, नितिन, संजू, सोनू, सुमित, विकास आदि मौजूद रहे।