हिसार। शहर में इन दिनों बेसहारा पशुओं व अपराधियों का आतंक बढ़ता जा रहा है। स्थिति यह है कि 15 दिनों में बेसहारा पशु के कारण तीन हादसे हो चुके हैं, वहीं 9 दिन में बेखौफ अपराधियों ने तीसरी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस और नगर निगम प्रशासन अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को सही से नहीं निभा रहे हैं। न तो नगर निगम बेसहारा पशुओं को पकड़ने का अभियान शुरू कर रहा है और न ही पुलिस अपराधियों को पकड़ने में सफल हो रही है।
सड़क के बीच खड़े पशु से टकराई स्कूटी, युवक का टूटा दांत, चेहरे पर भी चोट
शहर में बेसहारा पशुओं के कारण हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सोमवार देर रात सेक्टर 27-28 के पास सड़क के बीच खड़े पशु से एक स्कूटी टकरा गई। इस दौरान सड़क पर गिरने से स्कूटी सवार युवक बेहोश हो गया। युवक के चेहरे पर चोटें आईं हैं। साथ ही उसका एक दांत टूट गया। घायल युवक को उसके दोस्तों ने अस्पताल पहुंचाया। मंगलवार सुबह अस्पताल से युवक को छुट्टी दे दी गई।
सेक्टर-13 निवासी सचिन दहिया ने बताया कि वह सोमवार रात करीब 2 बजे अपने एक दोस्त के साथ स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहा था। सेक्टर 27-28 के पास काफी संख्या में पशु सड़क के बीच में खड़े थे। अचानक एक पशु स्कूटी के सामने आ गया, जिससे स्कूटी उससे जा टकराई। हादसे में वह और उसका दोस्त दोनों सड़क पर जा गिरे। मैं मुंह के बल सड़क पर गिरा। अचानक यह हादसा होने से मैं बेहोश हो गया। इस पर मेरे दोस्त ने मुझे संभाला और अन्य दोस्तों ने मुझे अस्पताल में दाखिल कराया। बता दें कि बेसहारा पशुओं के कारण 15 दिनों में यह तीसरा हादसा है। एक हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया था। वहीं इस साल बेसहारा पशुओं के कारण पांच हादसे हो चुके हैं।
बेसहारा पशुओं के कारण हुए हादसे
- 6 जनवरी 2022 को आजाद नगर में गाय से टकराकर बाइक सवार होमगार्ड जवान धर्मबीर सिंह की मौत हो गई थी।
- 10 मार्च 2022 को शहर के योग नगर में गाय ने 69 वर्षीय राजकुमार खट्टर को पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
- 19 मार्च 2022 को 12 क्वार्टर एरिया निवासी प्रशांत को गाय ने रौंदकर कर घायल कर दिया था।
- 18 जुलाई 2022 को टिब्बा दानाशेर में गाय की टक्कर से 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी।
- 30 जुलाई 2022 को वार्ड 5 में शास्त्री नगर निवासी बुजुर्ग ज्ञानचंद को सांड़ ने टक्कर मारकर घायल कर दिया था।
पार्षद अमित ग्रोवर ने 12 अगस्त तक दिया अल्टीमेटम
पार्षद अमित ग्रोवर ने सचिन दहिया का हाल चाल जाना। उन्होंने कहा कि बेसहारा पशुओं के मामले में 7 अगस्त को शहरवासियों की बैठक बुलाई है। साथ ही प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि अगर 12 अगस्त तक पशु पकड़ने का अभियान शुरू नहीं किया तो वह शहरवासियों के साथ सड़कों पर उतरेंगे। उधर, हिसार संघर्ष समिति इस समस्या के विरोध में 4 अगस्त को नगर निगम कार्यालय में विरोध प्रदर्शन करेगी।
बेसहारा पशुओं के कारण होने वाले हादसे बेहद दुखद है। इन हादसों को रोकने के लिए 15 अगस्त के बाद नगर निगम प्रशासन पशु पकड़ो महाअभियान चलाएगा। पशु पकड़ने के लिए निगम प्रशासन ने 2 गाड़ियां खरीदी है, जो जल्द ही पशु पकड़ने अनुरूप तैयार होकर आ जाएंगी। जब तक निगम की नई गाड़ियां तैयार होकर नहीं आती है, तब तक मंगाली गोशाला के गाड़ी से पशु पकड़ने का कार्य किया जाएगा। - गौतम सरदाना, मेयर