फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: शहरों में दो और गांवों में चार घंटे में बदले जाएंगे खराब ट्रांसफार्मर

विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) अब शहरों में दो घंटे और गांवों में चार घंटे के भीतर खराब ट्रांसफार्मर बदलेगा। इसके लिए प्रत्येक सब-डिवीजन में पर्याप्त ट्रांसफार्मर बैंक और कार्यशील मोबाइल ट्रॉली उपलब्ध रखी जाएंगी। इस संबंध में एमडी विक्रम सिंह ने अधिकारियों को आदेश जारी किए हैं।
विज्ञापन


उन्होंने ट्रांसफार्मर बदलने के लिए पर्याप्त वाहनों और मोबाइल ट्रांसफार्मरों की व्यवस्था करने को कहा है। किसानों से खराब ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए वाहन नहीं मंगवाए जाएंगे। गर्मी और धान के सीजन में चार-पांच महीने के लिए ठेकेदारों और वाहनों की व्यवस्था भी की जाएगी।

बिजली मंत्री अनिल विज 9 दिसंबर को दोनों बिजली निगमों के कामकाज की समीक्षा करेंगे। इसके मद्देनजर एमडी ने अधिकारियों को प्रदर्शन मानकों (परफॉर्मेंस पैरामीटर) में सुधार और निर्धारित लक्ष्य पूरे करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन


सब-स्टेशनों का अपग्रेडेशन और जलभराव से बचाव

सब-स्टेशनों की क्षमता बढ़ाने और बाढ़ व जलभराव से बचाव के कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएंगे। जलभराव की स्थिति में वैकल्पिक स्रोतों से बिजली आपूर्ति बहाल रखने और सब-स्टेशनों को जलमग्न होने से बचाने के इंतजाम करने होंगे। एचवीपीएनएल की ओर से चिह्नित मिसिंग लाइटनिंग अरेस्टर, अर्थिंग और जीओ स्विच से जुड़े लंबित कार्य भी पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। ओवरलोडेड सब-स्टेशनों की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

बिजली चोरी के मामलों का समयबद्ध निपटान होगा

बिजली चोरी के मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराने, जांच पूरी करने, चालान न्यायालय में पेश करने और लंबित मामलों के निपटान की नियमित समीक्षा होगी। प्राथमिकी दर्ज होने के तीन महीने के भीतर चालान न्यायालय में पेश करना होगा, जबकि पुराने लंबित मामलों का एक महीने में निपटारा करने के निर्देश दिए गए हैं। विजिलेंस विंग को पहली बार अपराध करने वाले, कंपाउंडिंग कराने वाले और दोबारा अपराध करने वाले उपभोक्ताओं का अलग-अलग प्रबंधन सूचना तंत्र तैयार करने को कहा गया है, ताकि निगरानी प्रभावी हो सके।

लैंड रेवेन्यू एक्ट के तहत होगी बकाया राशि की वसूली

स्थायी रूप से बिजली कनेक्शन कटवा चुके उपभोक्ताओं से बकाया राशि वसूलने के लिए लैंड रेवेन्यू एक्ट के तहत नोटिस जारी किए जाएंगे। संबंधित मामलों को तहसीलदारों के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। वसूली में तेजी लाने के लिए विशेष अभियान चलाने और उपायुक्तों की मासिक बैठकों में भी इस विषय को शामिल करने पर जोर दिया गया है।

पीडीसीओ परिसरों की जांच, अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी

स्थायी रूप से डिस्कनेक्ट किए गए उपभोक्ताओं के परिसरों की जांच और भौतिक सत्यापन के लिए तीन अधिकारियों की कमेटी गठित की जाएगी। ऐसे परिसरों में नए बिजली कनेक्शन जारी करने में होने वाली अनियमितताओं पर रोक लगाने के साथ जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय होगी। नियम-8 के तहत चार्जशीट जारी करने पर भी जोर दिया गया है। यदि किसी ऐसे परिसर में दूसरा बिजली कनेक्शन चालू मिलता है तो उसे तत्काल काट दिया जाएगा।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन सर्कल होंगे सम्मानित

सभी सरकारी भवनों पर एक वर्ष के भीतर रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस योजना के क्रियान्वयन में हरियाणा को देश में प्रथम स्थान पर लाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएंगे। योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन सर्कलों को सम्मानित भी किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें