हांसी-चंडीगढ़ रोड पर भैणी अमीरपुर के पास शनिवार सुबह एक कार व कैंटर की सीधी टक्कर हो गई। इसमें हांसी सवार व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा व बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुट्ठी मंगल निवासी नरेश कुमार नेे पुलिस को दिए बयान में बताया कि शनिवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे हांसी के रूपनगर निवासी उसके जीजा 55 वर्षीय मदनगोपाल, भांजा गौरव व भांजी स्वीटी अंबाला जाने के लिए निकले थे। उसकी भांजी स्वीटी की आंखों में कुछ दिक्कत थी, जिसका इलाज अंबाला के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। कार गौरव चला रहा था और मदन गोपाल उसकी साथ वाली सीट पर बैठे हुए थे। जैसे ही वे नारनौंद से निकलकर भैणी अमीरपुर के पास पहुंचे तो जींद की तरफ से आ रहे कैंटर ने उनकी कार को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर कार को घसीटते हुए पेड़ तक ले गया और दोनों तरफ से गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार तीनों को राहगीरों ने कार से निकालकर नारनौंद के सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मदन गोपाल को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल गौरव व स्वीटी को हिसार के लिए रेफर कर दिया। दोनों घायलों का हिसार के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव का हांसी के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौप दिया।
नरेश के बयान पर कैंटर चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 304ए, 279, 336, 337 व 427 के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। कैंटर को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उमेद सिंह, थाना प्रभारी नारनौंद।