हांसी के चानौत गांव में महापंचायत
- फोटो : संवाद
हांसी के चानौत गांव में पीने के पानी की समस्या के समाधान को लेकर चल रही महापंचायत को राजनीतिक और किसान नेताओं का खुला समर्थन मिला है। ग्रामीणों के इस आंदोलन को बल देने के लिए हिसार के सांसद जयप्रकाश, नारनौंद के विधायक जस्सी पेटवाड़, इनेलो नेत अभय चौटाला, किसान नेता गुरनाम चढ़ूनी, हर्ष छिकारा और सुरेश कोथ समेत कई प्रमुख हस्तियां महापंचायत में पहुंचीं।
महापंचायत को संबोधित करते हुए नेताओं ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की पानी की मांग पूरी तरह से जायज है और सरकार को इसका जल्द से जल्द समाधान करना चाहिए। हिसार सांसद जयप्रकाश और विधायक जस्सी पेटवाड़ ने चिंता जताते हुए कहा कि यह बेहद गंभीर बात है कि लोगों को पीने के पानी जैसी मूलभूत जरूरत के लिए भी कड़ा संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने मंच से ऐलान किया कि गांव के लोगों का पानी पर पूरा हक है और वे इसे लेकर रहेंगे, किसी भी सूरत में पीछे नहीं हटेंगे।
वहीं, किसान नेता गुरनाम चढ़ूनी ने सरकार और प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासन चैनत गांव को अकेला समझने की भूल न करे, क्योंकि पूरा हरियाणा इस गांव के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। महापंचायत में मौजूद आक्रोशित ग्रामीणों ने भी एक सुर में ऐलान किया है कि जब तक गांव के लिए स्थायी पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक उनका यह आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।