हांसी। गांव के नजदीक खेत में कपास चुगाई का काम कर रहे करीब 55 वर्षीय उदयवीर को बुधवार दोपहर करीब 12 बजे साइकिल से घर चाय लेने जाते समय ऑटो रिक्शा ने टक्कर मार दी। हादसे में उदयवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, मुंह, कमर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
परिजनों के अनुसार, हादसे के समय उदयवीर अपने बेटे मोनू के साथ खेत में काम कर रहे थे। चाय लेने के लिए साइकिल से घर जाते समय रास्ते में ऑटो रिक्शा ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। मोनू ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद उन्होंने 112 और 108 नंबर पर एंबुलेंस के लिए फोन किया, लेकिन काफी इंतजार के बावजूद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद परिजन उदयवीर को ऑटो रिक्शा से सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उदयवीर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें खून की उल्टियां भी हो रही हैं।
मोनू ने बताया कि हादसे के बाद उन्होंने अपने स्तर पर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई है। परिजनों ने हादसे में शामिल ऑटो चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भाटला चौकी इंचार्ज जसबीर ने बताया कि पुलिस को अभी तक मामले की कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी।