हिसार। जगदीश कॉलोनी में छापे के दौरान पकड़े गए 25 वर्षीय संदीप की सीआईए वन टीम की कस्टडी में मौत के मामले में परिजन एसआईटी जांच के आश्वासन के बाद पोस्टमार्टम कराने को तैयार हो गए। हालांकि वीरवार शाम खराब मौसम के कारण अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में बिजली आपूर्ति बाधित रहने से पोस्टमार्टम नहीं हो सका। अब शुक्रवार को चिकित्सीय बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
बुधवार शाम हुई घटना के बाद शव को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। वीरवार को परिजनों ने पुलिस कर्मियों पर केस दर्ज करने और चिकित्सीय बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की मांग करते हुए पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया। दोपहर बाद डीएसपी विनोद शंकर और एसडीएम राजेश खौथ ने परिजनों से बातचीत की। इसके बाद एसआईटी से जांच कराने और चिकित्सीय बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करवाने पर सहमति बन गई।
पुलिस के अनुसार, हांसी पुलिस को सूचना मिली थी कि जगदीश कॉलोनी में एक युवक नशीला पदार्थ बेच रहा है। सूचना के आधार पर सीआईए वन की टीम ने कार्रवाई की। पुलिस का दावा है कि टीम को देखकर संदीप ने अपने पास मौजूद नशीला पदार्थ निगल लिया। कुछ मात्रा में नशीला पदार्थ उसके कब्जे से भी बरामद किया गया। हालत बिगड़ने पर उसे पहले शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति में हिसार रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया था। डीएसपी विनोद शंकर ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की जाएगी।