हिसार। हिसार में नकली कोल्ड ड्रिंक्स के संगठित नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका जताते हुए पेप्सिको इंक. और पेप्सिको इंडिया होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कंपनी का आरोप है कि उसके प्रसिद्ध ब्रांडों के नाम पर नकली पेय पदार्थ तैयार कर बाजार में बेचे जा रहे हैं। शिकायत के आधार पर अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कंपनी की ओर से नियुक्त अधिवक्ता जयदीप सिंह कोचर ने शिकायत में बताया कि नियमित बाजार सर्वेक्षण के दौरान जानकारी मिली कि कुछ अज्ञात व्यक्ति और संस्थाएं माउंटेन ड्यू, पेप्सी, 7अप, स्लाइस, लेहर, मिरिंडा और ड्यूक्स जैसे ब्रांडों के नाम से नकली उत्पादों का निर्माण, लेबलिंग और वितरण कर रहे हैं। इन उत्पादों को इस तरह बाजार में उतारा जा रहा है कि उपभोक्ता उन्हें असली कंपनी का उत्पाद समझकर खरीद रहे हैं।
स्वास्थ्य और राजस्व को नुकसान की आशंका
शिकायत में कहा गया है कि नकली उत्पाद निम्न गुणवत्ता के कच्चे माल और अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किए जाते हैं, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। कंपनी का दावा है कि इस तरह की गतिविधियों से उपभोक्ताओं को धोखा देने के साथ-साथ सरकार को कर राजस्व का भी नुकसान हो रहा है।
संगठित नेटवर्क की भूमिका की जांच की मांग
कंपनी के अनुसार हिसार के विभिन्न बाजारों में नकली उत्पादों की व्यापक उपलब्धता से संगठित नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका है। ऐसे में निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। अर्बन एस्टेट थाना से जांच अधिकारी अजमेर सिंह ने बताया कि कंपनी की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।