हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के राजकीय व प्राइवेट स्कूलों को 10वीं व 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म 21 नंवबर तक भरने होंगे। अगर कोई स्कूल निर्धारित तिथि तक परीक्षा फार्म नहीं भरता है तो उस पर एक हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। एचबीएसई ने प्रदेश के सभी स्कूल प्रधानाचार्यों को जारी आदेश में कहा कि तुरंत प्रभाव से सेशन 2022-23 के सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी कक्षा के विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म भरवाने अनिवार्य हैं।
बता दें कि 10वीं कक्षा के एक विद्यार्थी की परीक्षा फीस 700 रुपये है, माइग्रेशन फीस 50 रुपये है व प्रैक्टिकल फीस 100 रुपये है। ऐसे में उस विद्यार्थी को कुल 850 रुपये फीस भरनी है। इसी प्रकार 12वीं कक्षा के विद्यार्थी का परीक्षा शुल्क 850 रुपये है, माइग्रेशन शुल्क 100 रुपये है व प्रैक्टिकल फीस भी 100 रुपये है।
इस प्रकार इस विद्यार्थी को कुल 1050 रुपये परीक्षा फीस भरनी है। एचबीएसई ने आदेश जारी करते हुए कहा कि सभी परीक्षा फीस ऑनलाइन भरी जाएगी। बोर्ड द्वारा जारी की गई तिथि पर ही फीस जमा करवानी है। इसके बाद अंतिम तिथि को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।
लेट होने पर इतना लगेगा जुर्माना
10वीं कक्षा के लिए
सामान्य फीस 850 रुपये है 21 नवंबर तक भरनी है।
22 नवंबर से 28 नवंबर तक 100 रुपये जुर्माना लगेगा।
29 नवंबर से 5 दिसंबर तक 300 रुपये जुर्माना लगेगा।
6 दिसंबर से 12 दिसंबर तक 1000 रुपये जुर्माना लगेगा।
12वीं कक्षा के लिए
सामान्य फीस 1050 रुपये 21 नवंबर तक।
22 नवंबर से 28 नवंबर तक 100 रुपये जुर्माना लगेगा।
29 नवंबर से 5 दिसंबर तक 300 रुपये जुर्माना लगेगा।
6 दिसंबर से 12 दिसंबर तक 1000 रुपये जुर्माना लगेगा।
नोट जुर्माने साथ 100 रुपये प्रैक्टिकल फीस के भी जोड़े जाएंगे।