बरवाला (हिसार)। गांव बनभौरी में सोमवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने दो कॉमन सर्विस सेंटरों (सीएससी) पर छापा मारकर दस्तावेजों में हेरफेर कर अपात्र लोगों को वृद्धावस्था पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलवाने का भंडाफोड़ किया है। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में प्रवेश सेंटर व मां भगवती अटल सेवा केंद्र पर की गई कार्रवाई में टीम को दस्तावेजों के फर्जीवाड़े के सुबूत हाथ लगे हैं।
टीम का कहना है कि प्राथमिक जांच में असली दस्तावेजों के साथ कंप्यूटर से छेड़छाड़ की बात सामने आई है। दोनों सेंटर से कंप्यूटर, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट, स्कूल के फर्जी स्टांप और अन्य दस्तावेज मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
टीम की रेड के दौरान मां भगवती अटल सेवा केंद्र पर टीम पहुंची तो सेंटर संचालक गायब मिला। ग्राम पंचायत व गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में सेंटर के अंदर जाकर टीम ने जांच की। मां भगवती अटल सेवा केंद्र के अंदर टीम को कई जिलों के आधार कार्ड, वोटर कार्ड, स्कूलों के एसएलसी के प्रोफॉर्मा, स्कूल फर्जी मुहर और फर्जी दस्तावेज बरामद हुए। इससे यह पता चलता है कि इन सीएससी पर बड़े पैमाने पर जाली दस्तावेज बनाए जा रहे हैं। टीम गांव से प्रवेश सेंटर के संचालक प्रवेश को अपने साथ पुलिस स्टेशन ले आई। पुलिस ने प्रवेश के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
सीएसी सेंटरों में दस्तावेजों की डिजिटल एडिटिंग कर अपात्र लाभार्थियों के नाम पर पेंशन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलवाया जा रहा था। इससे सरकार को राजस्व की भारी हानि हो रही थी। प्रारंभिक जांच में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े के सबूत मिले हैं। संभावना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
- सुनैना, इंचार्ज, सीएम फ्लाइंग।