दुबई में फंसा जिला हांसी, नारनौंद के गांव बुडाना का टूरिस्ट गाइड।
नारनौंद (हांसी)। रात को दो बार अलर्ट सायरन बजे और इसके बाद धमाकों की आवाज सुनाई देने लगी। रात भर यह सिलसिला चला। रह-रह कर धुएं के गुबार उठते रहे। पूरी रात नहीं सो पाया। यही चलता रहा तो कभी भी मौत आ सकती है। खौफ और असुरक्षा के साये में हूं। दुबई में फंसे बुडाना गांव के टूरिस्ट गाइड ने रविवार को वीडियो संदेश जारी कर आपबीती सुनाई। सोशल मीडिया पर शेयर इस वीडियो में युवक ने प्रदेश सरकार से स्वदेश वापसी में मदद की गुहार लगाई है।
ईरान-इस्राइल युद्ध के बीच दुबई में फंसे टूरिस्ट गाइड प्रदीप ने सामाजिक कार्यकर्ता नवीन जयहिंद को साझा किए इस वीडियो में दुबई में ईरान के मिसाइल हमले के खाैफनाक मंजर को बयां किया। प्रदीप ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से दुबई में कार्य कर रहा है लेकिन अचानक युद्ध के हालात बनने से दहशत के माहौल में जीने के लिए मजबूर हैं। उसने बताया कि रविवार सुबह उसने भारतीय दूतावास से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन वहां बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों की भीड़ जुटी है। फोन नंबर लगातार व्यस्त आ रहा है और किसी प्रकार का स्पष्ट जवाब नहीं मिल पा रहा। एयरस्पेस बंद होने के कारण हवाई उड़ान की जानकारी भी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। वीडियो में प्रदीप ने अपने आसपास के इलाके का दृश्य भी दिखाया है। उसने बताया कि अचानक अलार्म बजने से घबराहट फैल जाती है और पैनिक जैसा माहौल बन जाता है। लोग इधर-उधर भागने लगते हैं। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घरों के अंदर ही रहने की चेतावनी दी है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है।
मौजूदा परिस्थितियों में रहना हो गया कठिन
प्रदीप ने बताया कि मौजूदा परिस्थितियों में यहां रहना बेहद कठिन हो गया है। लगातार अलर्ट और धमाकों की खबरों से मानसिक रूप से भी परेशान हो चुका है। नवीन जयहिंद से अनुरोध किया कि उसकी आवाज सरकार तक पहुंचाई जाए ताकि जल्द से जल्द सुरक्षित भारत लाया जा सके।