हिसार। सहायक आबकारी एवं कराधान अधकारी रजत सिंह ने एसके ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन के मालिक सुरेंद्र व पांच अन्य के खिलाफ चेकिंग के दौरान धक्का-मुक्की करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत उन्होंने सदर थाने में दी है।
पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि मंगलवार को वह निरीक्षक नरेंद्र कुमार, चपड़ासी अमरनाथ व गाड़ी चालक पवन कुमार के साथ दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली रोड पर स्थित जेबी इंडस्ट्री के पास चेकिंग कर रहे थे। उस एक गाड़ी को रुकवाकर उसके चालक को कागजात दिखाने को कहा तो चालक ने गाड़ी व ट्रासफोर्ट के कागजात दे दिए। टीम जब कागजात चेक कर रही थी तो उसी दौरान वहां एक कार में सवार पांच लोग आए। उसमें एसके ट्रांसफोर्ट कॉर्पोरेशन का मालिक सुरेंद्र था। सुरेंद्र ने गाड़ी चेकिंग का विरोध करते हुए स्टाफ के साथ बहस, धक्का-मुक्की की। उसी बीच गाड़ी के चालक उसके कहने पर गाड़ी वहां से भगाकर ले गया। सुरेंद्र ने स्टाफ को भविष्य में उसकी ट्रांसपोर्ट की गाड़ियों को चेक करने से मना किया और कहा कि अगर चेक किया तो जिंदा नहीं छोड़ेगा। सुरेंद्र ने कहा कि उसकी ऊपर तक पहुंच है। चेकिंग के दौरान स्टाफ के पास गाड़ी के कागज रह गए थे। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।