हिसार में पत्रकारों से बातचीत करते एमएसएमई के अधिकारी।
हिसार। केंद्र सरकार द्वारा स्थापित लघु एवं सूक्ष्म उद्योग विभाग के तहत अब हर हाथ को काम मिलेगा। अपना व्यापार करने के इच्छुक युवा व अन्य लोग इसके तहत ऋण लेकर काम शुरू कर सकते हैं। योजना के तहत 50 हजार रुपये से लेकर 250 करोड़ रुपये तक का ऋण उपलब्ध करवाया जाता है। यह बात एमएसएमई पीसीआई के राष्ट्रीय डिप्टी चेयरमैन यशपाल अटवाल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही।
इस अवसर पर सातरोड निवासी सुनील कुमार शर्मा को हरियाणा वाइस चेयरमैन नियुक्त किया गया। यशपाल अटवाल ने बताया कि जनसंख्या के साथ बेरोजगारी भी बढ़ती जा रही है। केंद्र सरकार द्वारा स्थापित एमएसएमई पीसीआई विभाग युवाओं के हित में कई योजनाएं चलाई हैं। योजना के तहत कोई भी कारोबार करने का इच्छुक नागरिक को पैन कार्ड व आधार कार्ड पर 10 लाख तक लोन दिया जा सकता है। इसके अलावा व्यवसाय के हिसाब से लोन बढ़ाया भी जा सकता है।
एमएसएमई खरीदेगी प्रोडक्ट
यशपाल अटवाल ने बताया कि व्यवसाय शुरू तो कोई भी कर सकता है लेकिन सबसे बड़ी समस्या मार्केटिंग की होती कि उसके तैयार माल को खरीदेगा कौन। ऐसे में केन्द्र सरकार की योजना के अनुसार यदि कोई एमएसएमई के माध्यम से लोन लेकर कारोबार शुरू करता है तो उसका तैयार माल एमएसएमई खुद खरीदेगी, अब उसकी मार्केटिंग की चिंता भी खत्म हो गई लेकिन उसका तैयार माल क्वालिटी पर खरा उतरना चाहिए।
बैंकों की अड़चन नहीं आने दी जाएगी : बलबीर
एमएसएमई के पंजाब चेयरमैन बलबीर सिंह ने बताया कि एमएसएमई के माध्यम से यदि कोई स्वरोजगार करना चाहता है तो लोन लेने में उसके सामने बैंकों की कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। जो बैंक आसानी से लोग देगा, उससे ही उसका लोन पास करवाया जाएगा ताकि उसके काम में देरी न हो। उन्होंने कहा कि योजना को जल्द ही गांव-गांव व शहर-शहर तक पहुंचाया जाएगा ताकि सरकार की इस योजना से हर कोई लाभांवित हो सके।