बरवाला (हिसार)। रेलवे से सेवानिवृत्त ईएसआई रघुबीर आत्महत्या प्रकरण में रविवार को गृह मंत्री के निर्देश पर जीआरपी व पुलिस के वरिष्ठ अफसरों के साथ परिजनों व पंचायत सदस्यों के बीच वार्ता हुई। पुलिस अफसरों ने आश्वासन दिया कि सुसाइड नोट में जिन पुलिस अफसरों पर आरोप लगाए गए हैं, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। इसके अलावा मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित होगी। परिजनाें व पंचायत ने कहा कि सोमवार सुबह जब उन्हें एफआईआर की कॉपी मिल जाएगी, उसके बाद रघुबीर के शव का अंतिम संस्कार करेंगे। हालांकि ग्रामीणों ने शाम को पंचायत भवन पर चल रहा धरना समाप्त कर दिया।
तीन घंटे चली वार्ता में बनी सहमति
बता दें कि इस मामले में कार्रवाई नहीं होता देख ग्रामीणों ने हाईवे जाम किया था। इसके बाद देर शाम परिजन गृहमंत्री अनिल विज से मिले। मंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया था कि उन्हें न्याय अवश्य मिलेगा। मंत्री ने परिजनों को हिसार में पुलिस के अधिकारियों से मिलने को कहा था। रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पंचायत में चुने 16 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल अधिकारियों से मिलने पहुंचा। एडीजीपी श्रीकांत जाधव, रेलवे के आईजी कुलविंदर सिंह, जिला पुलिस कप्तान लोकेंद्र सिंह, जीआरपी के डीएसपी गुरुदयाल सिंह व डीएसपी धीरज कुमार की मौजूदगी में करीब तीन घंटे तक चली बातचीत के बाद इस बात पर सहमति बनी कि रविवार शाम तक सुसाइड नोट में लिखे गये नामजद अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली जाएगी। इसके अलावा मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी।
बैठक के बाद परिजन व पंचायत के सदस्य धरना स्थल पर पहुंचे और मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी। पंचायत सदस्यों ने कहा कि सोमवार सुबह जब उन्हें एफआईआर की फोटो प्रति मिल जाएगी व एसआईटी का गठन कर दिया जाएगा, उसके पश्चात शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। इसके लिए सुबह साढ़े नौ बजे लोगों को फिर पंचायत भवन पर बुलाया गया है।
रिटायर ईएसआई ने जीआरपी के अफसरों पर लगाए थे आरोप
जीआरपी से रिटायर्ड ईएसआई व गांव बिचपड़ी निवासी रघुवीर ने हिसार-लुधियाना रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार को सुबह 8 बजे सुसाइड कर लिया था। मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस को सुसाइड नोट मिला था, जिसमें जीआरपी एसपी संगीता कालिया, डीएसपी गुरदयाल सिंह, रीडर कश्मीरा सिंह, एसआई जोगेंदर, ईएसआई महेंद्र व एचसी सुरेंद्र के नाम लिखे थे। परिजन, दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।