संवाद न्यूज एजेंसी
हांसी। एसडीएम राजेश खौथ ने कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखा जाए। प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। वह जिला सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर के दौरान अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत के निपटारे में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
एसडीएम ने नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने बिजली-पानी की आपूर्ति, नए बिजली मीटर लगवाने, सीवर की सफाई, फैमिली आईडी में संशोधन एवं त्रुटियां ठीक करवाने, आवारा पशुओं को पकड़ने सहित अन्य जनसमस्याएं रखीं।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा ऐसी शिकायतों का भी शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए, जिनमें एक से अधिक विभागों की भूमिका है। एसडीएम ने कहा कि नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें इसके लिए अधिकारी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करें। इस अवसर पर तहसीलदार अनिल विधान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।