हिसार। नागरिक अस्पताल में सोमवार को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टेंडर्ड (एनक्वास) के मानकों की जांच करने के लिए टीम आ रही है। तीन दिन तक तीन सदस्यों की टीम अस्पताल परिसर का दौरा कर 14 विभागों में सफाई व्यवस्था और अन्य सुविधाओं की जांच करेगी। इसके बाद टीम अस्पताल को नंबर देगी। अगर, 70 अंक मिलते है तो अगले तीन साल तक नागरिक अस्पताल को बजट मिलता रहेगा।
अंक हासिल करने के लिए नागरिक अस्पताल में दिन रात साफ सफाई का काम चल रहा है। अवकाश वाले दिन भी चिकित्सक और नर्सिंग ऑफिसर अस्पताल आ रही है। सीएमओ रतना भारती भी अस्पताल परिसर का दौरा कर रही है। एनक्वास की टीम अस्पताल में इनडोर ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, लेबर रूम, लेबर रूम का ऑपरेशन थिएटर, फार्मेसी, बच्चों का वार्ड, नीकू, शवगृह, लैब, ब्लड बैंक, वार्ड, धोबीघाट, नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण करेगी। पिछले कुछ समय से अस्पताल परिसर के अंदर साफ सफाई और मरम्मत का कार्य चल रहा है। अस्पताल को चमकाने में कर्मचारी जुटे हुए हैं।
राज्य टीम ने दिए थे 88 अंक
कोरोना काल से पहले राज्य एनक्वास की टीम ने नागरिक अस्पताल का दौरा किया था। उस दौरान राज्य टीम ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को देखते हुए 88 अंक दिए थे। इसके बाद अब टीम फिर अस्पताल परिसर का दौरा करने के लिए आ रही है। प्रदेश में रोहतक, अंबाला, गुरुग्राम, कैथल, फरीदाबाद के सरकारी अस्पताल एनक्वास में शामिल हो चुके हैं।
सोमवार को एनक्वास की टीम अस्पताल परिसर की दौरा करेगी। साफ सफाई और मरम्मत का काम चल रहा है, जो रविवार तक पूरा हो जाएगा।
रतना भारती, सीएमओ, नागरिक अस्पताल