हिसार। ऑटो मार्केट और शहर के प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण करने वालों पर नगर निगम शिकंजा कसेगा। 28 सितंबर सोमवार से पुरानी और नई ऑटो मार्केट में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलेगा। दुकानदारों को सामान दुकान की सीमा में रखने के निर्देश दिए गए हैं।
तहबाजारी इंचार्ज सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि उच्च अधिकारियों के आदेश पर मंगलवार को दोनों ऑटो मार्केट में मुनादी कराई गई। दुकानदारों से 28 सितंबर से पहले सामान दुकान की सीमा में करने को कहा गया है। सड़क या फुटपाथ पर सामान मिला तो उसे जब्त करने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तहबाजारी टीम ने मंगलवार को बालसमंद रोड, रेलवे स्टेशन रोड, पोस्ट ऑफिस रोड, बालाजी मार्केट, सुभाष मार्केट, बिश्नोई मंदिर मार्केट, राजगुरु मार्केट और पूजा मार्केट में कार्रवाई की। तलाकी गेट से श्मशान भूमि रोड और बस स्टैंड से सिरसा चुंगी तक भी अतिक्रमण हटवाया गया।
अतिरिक्त निगम आयुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य मुख्य सड़कों और बाजारों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात सुचारु करना है। इससे लोगों को जाम से राहत मिलेगी।