हिसार। निगमायुक्त नीरज ने सोमवार शाम को राजगुरु मार्केट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मार्केट में कई जगह अतिक्रमण मिला। पार्किंग व्यवस्था भी ठीक नहीं मिली।
निगमायुक्त शाम करीब 5:20 बजे अतिरिक्त आयुक्त शालिनी चेतल व संयुक्त निगमायुक्त डॉ. प्रीतपाल के साथ आर्य समाज मंदिर मार्केट पहुंचे। राजगुरु मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ यहां से निरीक्षण शुरू किया। इस दौरान दुकानदारों ने काउंटर दुकानों के बाहर सड़क पर रखे हुए थे।
एसोसिएशन ने निगमायुक्त को राजगुरु मार्केट व न्यू राजगुरु मार्केट के बीच पड़ी खाली जगह दिखाई। एसोसिएशन ने मांग रखी कि इस जगह को पार्किंग के रूप में विकसित किया जाए। साथ ही यहां लाइट की व्यवस्था की जाए। इस पर निगमायुक्त ने कहा कि यहां पुरुष शौचालय व पार्किंग का निर्माण करवाया जाएगा।
इसके बाद मेन राजगुरु मार्केट पहुंचे तो पता चला कि दुकानदारों ने बरामदों को किराये पर दिया हुआ है। उन्होंने तहबाजारी टीम को इन बरामदों को खाली करवाने का आदेश दिया। कुछ दुकानों के आगे गोलगप्पे व दही भल्ले वालों ने अतिक्रमण किया हुआ था। यह देख उन्होंने आरसीबी के ठीक सामने बने शोरूम के मालिक को बुलाकर कहा कि इतना बड़ा शोरूम होने के बावजूद गोलगप्पे बेच रहे हो। इस पर शोरूम मालिक ने कहा कि यह गोलगप्पे वाला कई वर्षों से उनके साथ ही काम कर रहा है।