हांसी। बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राजकीय आईटीआई हांसी में 10 अप्रैल को सुबह 9:30 बजे बड़े रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले में देश की अग्रणी स्वदेशी ईवी कंपनी और ऑटो कंपोनेंट निर्माता कंपनियां युवाओं को सीधी भर्ती का अवसर देंगी।
मेले में जेलियो ई-मोबिलिटी लिमिटेड (हिसार) और श्रीराम पिस्टन्स एंड रिंग्स लिमिटेड (भिवाड़ी) की ओर से विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। दोनों कंपनियों की ओर से कुल 190 पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
रोजगार मेले में फिटर, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, मोटर मैकेनिक, मशीनिस्ट, टर्नर, इलेक्ट्रीशियन, टूल एंड डाई और एमईवी सहित विभिन्न ट्रेड के आईटीआई पास अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। 10वीं और 12वीं पास युवा भी इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
चयनित उम्मीदवारों को कंपनियों की ओर से 12,000 रुपये से 16,430 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। संस्थान प्रशासन के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ रिज्यूम, आधार कार्ड और सभी मूल शैक्षणिक दस्तावेज लेकर आना होगा। संस्थान प्रबंधन ने अधिकतम युवाओं से इस रोजगार मेले में भाग लेने की अपील की है।