मांग पूरी कराने के लिए नारनौंद में विधायक जस्सी पेटवाड़ को ज्ञापन सौंपते फायर व सफाई कर्मचारी।
नारनौंद। नगर पालिका एवं अग्निशमन विभाग के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर शनिवार को 17वें दिन भी हड़ताल पर डटे रहे। कर्मचारियों ने नगरपालिका कार्यालय से शहर में विरोध प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
इसके बाद रेस्ट हाउस पहुंचकर विधायक जस्सी पेटवाड़ और पूर्व मंत्री गीता भुक्कल को मांगों का ज्ञापन सौंपा। विधायक ने आश्वासन दिया कि 27 अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में कर्मचारियों की मांगों को उठाया जाएगा।
बिजली निगम से सत्यवान रंगा ने आरोप लगाया कि सरकार समझौते से पीछे हट रही है जिसके कारण कर्मचारियों को दोबारा हड़ताल करनी पड़ी। सिंचाई विभाग के प्रधान संजय गौतम ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के लिए स्थायी रोजगार की व्यवस्था नहीं है और ग्रुप-डी के पदों पर भी उनकी नियुक्ति नहीं की गई है।
प्रदीप लोहान और विकास गौतम ने संघ की ओर से हड़ताल का समर्थन किया। रामस्वरूप ने कहा कि शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं जिससे बीमारियां फैलने का खतरा है। धरने की अध्यक्षता इकाई प्रधान मंसाराम और रणधीर सिंह ने संयुक्त रूप से की, जबकि मंच संचालन देवेंद्र लोहान व जसवीर श्योकंद ने किया।