हांसी समीक्षा बैठक के दौरान उपस्थित एसडीसी लक्षित सरीन व अन्य अधिकारी। प्रशासन
हांसी। एडीसी (अतिरिक्त उपायुक्त) लक्षित सरीन की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सचिवालय परिसर में समाधान प्रकोष्ठ समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में समाधान शिविरों के दौरान प्राप्त लंबित शिकायतों एवं समस्याओं की विभागवार विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान एडीसी लक्षित सरीन ने अधिकारियों से प्रत्येक शिकायत की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन शिकायतों पर कार्रवाई की जा चुकी है, उनकी एक्शन टेकन रिपोर्ट पोर्टल (एटीआर) पर तुरंत अपलोड की जाए। एडीसी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन की समस्याओं का समाधान समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाए। शिविर इसी उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी शिकायत के समाधान में कोई तकनीकी या प्रशासनिक बाधा आ रही है तो उसे उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर अपडेट की जाने वाली जानकारी तथ्यात्मक और सटीक होनी चाहिए। बैठक में जन स्वास्थ्य विभाग से कार्यकारी अभियंता संजीव त्यागी, नगर परिषद के ईओ राजेंद्र सोनी, डीएसपी विनोद शंकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।