हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) में एक्वा उद्यम-2026 कार्यक्रम का शनिवार को समापन हो गया। कार्यक्रम में अधिष्ठाता डॉ. राजेश गेरा ने बताया कि यह पहल मत्स्य पालकों और एक्वाप्रेन्योर्स के बीच उद्यमिता, नवाचार और सतत आजीविका के अवसरों को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सहायक वैज्ञानिक डॉ. नितीश बंसल ने मत्स्य क्षेत्र में उभरते व्यावसायिक अवसरों, नवाचार की भूमिका और उद्यमिता की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। सरकारी सहायता, वित्त पोषण के स्रोत और सहयोगी संस्थानों पर विशेष सत्र आयोजित किया गया जिसमें इनक्यूबेशन सेंटर, आईआईएलएम विश्वविद्यालय, गुरुग्राम के प्रबंधक अमित काले ने सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता तंत्र और संस्थागत समर्थन पर विस्तृत जानकारी दी।
मूल्य संवर्धन और बाजार रणनीतियों पर किया मार्गदर्शन :
अमित काले ने उत्पाद ब्रांडिंग, मूल्य संवर्धन और बाजार रणनीतियों पर भी मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में डॉ. निवेधा सी.के. और गौरी जगुरी को समन्वयक के रूप में योगदान देने पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रभारी अधिकारी डॉ रचना गुलाटी, विभागाध्यक्ष डॉ दिलीप बिश्नोई, सहायक प्राध्यापक डॉ अनुपम आनंद उपस्थित रहे।