हिसार के गांव कंवारी में आयोजित नवजागरण सम्मेलन को संबोधित करते वक्ता। स्रोत : आयोजक
हिसार। हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति, हिसार-1 का प्रथम खंड सम्मेलन रविवार को गांव कंवारी में आयोजित किया गया। सम्मेलन में ग्रामीणों को अंधविश्वास, पाखंड, असमानता, भेदभाव, नफरत और अशिक्षा को समाज की प्रगति में बड़ी बाधा और राष्ट्रीय खतरा बताया गया।
सम्मेलन का उद्घाटन जिलाध्यक्ष अनीता शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि समाज में तार्किकता, विवेकशीलता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रसार के लिए नवजागरण सम्मेलनों को गांव से राज्य स्तर तक आयोजित किया जा रहा है। महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों को सामाजिक भूमिका में सक्रिय करना आवश्यक है।
खंड सचिव सुनील कुमार ने कहा कि हिसार-1 खंड में शिक्षा और कृषि क्षेत्र में विशेष कार्य किए जा रहे हैं। शिक्षा को सभी तक पहुंचाने और कृषि में जहरमुक्त थाली की अवधारणा लागू करने के लिए सामुदायिक भागीदारी पर जोर दिया जा रहा है।
खंड अध्यक्ष जयसिंह ने कहा कि हिंसा और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवा पीढ़ी और समाज को कमजोर कर रही है। इसका समाधान युवाओं को रचनात्मक मंच देकर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना है। महिला, मजदूर, किसान, अल्पसंख्यक और कमजोर वर्गों में आत्मविश्वास और भागीदारी की भावना विकसित करने पर भी बल दिया गया।
जिला सचिव रमेश चंद्र ने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक सोच ही शांति और समृद्धि की नींव हैं। नव निर्वाचित खंड अध्यक्ष जयसिंह सहित कार्यकारिणी ने प्रतिनिधियों से सक्रिय भागीदारी और संगठन निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया।