उकलाना में बिजली निगम एसडीओ कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते कर्मचारी।
हिसार। हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन के बैनर तले उकलाना में शुक्रवार को बिजली कर्मचारियों ने उपमंडल अधिकारी एवं प्रशासन की कार्यशैली के विरोध में दो घंटे का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन सब-यूनिट के उपप्रधान सतबीर सिंह की अध्यक्षता में हुआ।
सह-सचिव सोनू चाहर ने कहा कि कार्यालय में एक कर्मचारी पर हुए हमले की अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसके विपरीत, साजिशकर्ता को खुली छूट दी जा रही है। महिला कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार, यूनियन पदाधिकारियों के प्रति अपमानजनक रवैया और ट्रांसफर आदेशों में भेदभाव जैसे गंभीर आरोप भी अधिकारियों पर लगाए गए हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी जायज मांगों को नहीं माना जाता, वे विरोध जारी रखेंगे और जरूरत पड़ी तो बड़े कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे। इस विरोध प्रदर्शन में टोहाना यूनिट के सह-सचिव अनिल गोयत, मोनूद्दीन, सफीदों सब-यूनिट के प्रधान दलेर पांचाल, प्रदीप चहल, राजेश, अजीत, एएफएम मुकेश, अजित, राकेश, सोनू, पंकज आदि उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।