हिसार महावीर स्टेडियम में हाल के अंदर से नहीं हटाए गई लोहे की जालियां।
हिसार। मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी महाबीर स्टेडियम को खाली नहीं किया गया है। खिलाड़ियों को अभी इंतजार करना होगा। फिलहाल यहां पुलिस सुरक्षा के लिए लगाए गए टेंट तक नहीं हटाए हैं। खिलाड़ियों ने जिला खेल अधिकारी तथा उपायुक्त से खेल स्टेडियम को पूरी तरह से खाली कराने की मांग उठाई है ताकि उन्हें खेल के लिए स्थान मिल सके।
महाबीर स्टेडियम के सभी सभागार को जिला प्रशासन ने करीब डेढ़ महीने पहले ही खाली करा लिया था। जिसके बाद यहां मतगणना केंद्र बनाने का काम शुरु कर दिया गया था। महाबीर स्टेडियम से ही ईवीएम वितरित की गई थी। खिलाड़ियों को अपने नियमित अभ्यास के लिए स्थान नहीं मिल पा रहा था। कुछ खिलाड़ी एचएयू के गिरी सेंटर चले गए। कुछ खिलाड़ी अपने घर पर ही अभ्यास करने लगे। अब 4 जून को मतगणना हो चुकी है। मतगणना केंद्र अभी खाली नहीं किए गए हैं। यहां से ईवीएम मशीनों को उठाकर एक हॉल में रखा जाना है। करीब 45 दिन तक मशीनों को यहां पर ही रखा जाएगा। इसके बाद इन मशीनों को स्टोर में अंबाला भेजा जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से लघु सचिवालय परिसर में ईवीएम का भंडार ग़ृह बनाया जा रहा है। इस भंडार गृह का काम पूरा होने के बाद हिसार जिले को दूसरे स्थानों से ईवीएम नहीं मंगानी पडेंगी।