हरियाणा के हिसार जिले में संक्रमित बीमारी स्वाइन फ्लू ने दस्तक दे दी है। एक मरीज की स्वाइन फ्लू के कारण मौत हो चुकी है। वहीं शहर के निजी अस्पताल में दो पॉजिटिव मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। नागरिक अस्पताल में स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए अलग से वार्ड बनाया है। डिप्टी सीएमओ डॉ. सुभाष खतरेजा का कहना है कि स्वाइल फ्लू के सैंपल जांच के लिए आ रहे हैं। अभी तक 21 आशंकित सैंपल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज अग्रोहा भेजे जा चुके हैं।
डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि स्वाइल फ्लू के संभावित केस आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना और स्वाइल फ्लू के लक्षण एक जैसे होते हैं। गंगवा गांव के रहने वाले व्यक्ति को बुखार के चलते उनके परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया था। व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला था। इसके बाद मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में स्वाइल फ्लू की जांच करवाई थी, जिसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली। बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उनके परिजनों के सैंपल भी जांच के लिए लैब भेजे हैं।
डिप्टी सीएमओ डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि स्वाइन फ्लू एक संक्रमित बीमारी है। यह एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलती है। यह बीमारी खांसने, छींकने और हाथ मिलाने से फैलती है। जब इस बीमारी से ग्रस्त कोई व्यक्ति खांसता और छींकता है तो वायरस हवा में फैल जाते हैं और स्वस्थ व्यक्तियों को संक्रमित कर देते हैं। वायरस सांस के जरिये शरीर के अंदर जाता है और व्यक्ति को बीमार कर देता है। गंभीर मामलों में यह बीमारी जानलेवा है।
स्वाइन फ्लू के लक्षण
- मरीज को तेज बुखार आता है
- सूखी खांसी
- सिर दर्द
- शरीर में कमजोरी आना
- थकान होना
- मांसपेशियों और हड्डियों में दर्द होना
- पेट में दर्द होना
- उल्टी और दस्त लगना
- नींद न आना और भूख न लगना।
बचाव के उपाय
- खांसी, जुकाम और बुखार वाले रोगियों से दूर रहें।
- आंख, नाक और मुंह को छूने के बाद किसी वस्तु को न छुएं
- खांसते, छींकते समय मुंह पर कपड़ा रखें