हिसार। कोरोना के बढ़ते केस को देखते हुए खेल विभाग सतर्क हो गया है। अब महाबीर स्टेडियम में बुधवार से सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को ही प्रैक्टिस करने की छूट मिलेगी। जिला प्रशासन की ओर से खेल विभाग के पास इस बारे में पत्र पहुंच चुका है। पत्र में लिखा है कि स्टेडियम में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अपनी आगामी प्रतियोगिता को लेकर तैयारी कर सकेंगे। इस दौरान खिलाड़ियों को नियमों का पालन करना होगा।
जिला खेल अधिकारी कृष्ण कुमार बेनीवाल का कहना है कि महाबीर स्टेडियम में कुश्ती, जिमनास्टिक, वुशु, हैंडबाल, वालीबाल, बास्केटबाल, एथलेटिक, जूडो, बैडमिंटन, वेट लिफ्टिंग, बॉक्सिंग का प्रशिक्षण दिया जाता हैं। इन सभी खेलों में करीब 100 खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैं। ऐसे में वहीं खिलाड़ी आज से स्टेडियम में आ सकेंगे। वहीं अभी तक महाबीर स्टेडियम में 500 से ज्यादा खिलाड़ी विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण ले रहे थे मगर प्रशासन के आदेश के बाद जिला खेल अधिकारी की ओर से सभी कोच को बताया जा चुका है कि स्टेडियम में सिर्फ राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ही पहुंचे।