हिसार। जिले में खोली जाने वाली खेल नर्सरियों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 मार्च थी। विभाग के पास नर्सरियों के लिए 200 आवेदन आ चुके हैं। अब खेल विभाग मंगलवार तक आवेदन की तिथि बढ़ने का इंतजार करेगा।
उसके बाद तिथि नहीं बढ़ी तो विभाग की ओर से खेल नर्सरियों की फिजिबिलिटी जांचनी शुरू हो जाएगी। खेल विभाग में कार्यरत सभी कोच 2 से 3 नर्सरियों में जाकर फिजिबिलिटी जांचेंगे। इस दौरान खेल ग्राउंड से लेकर खेल सामान देखेंगे। कोच की ओर से सभी नर्सरियों में फिजिबिलिटी जांचने के बाद एक कमेटी तैयार की जाएगी। इस कमेटी में तीन सीनियर कोच और जिला खेल अधिकारी शामिल होंगे। उसके बाद कमेटी की ओर से भी नर्सरियों में जाकर जांच की जाएगी।
फिर खेल विभाग के स्थानीय अधिकारियों की ओर से रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी। मानकों पर खरा उतरने वाले को ही नर्सरियां अलॉट की जाएगी। बता दें, कि खेल विभाग की ओर से सरकारी, निजी संस्थानों, पंचायत और निजी खेल संस्थाओं में खेल नर्सरियां खोली जाएंगी।
नर्सरी में 8 से 14 साल तक के खिलाड़ियों को 1500 रुपये और 15 से 19 साल के खिलाड़ियों को 2000 रुपये प्रतिमाह डाइट राशि दी जाएगी। विभाग की ओर से पिछले साल 87 खेल नर्सरियां अलॉट की गई थी। मगर इस बार जिले में कितनी खेल नर्सरियां खोली जानी है, इसकी जानकारी स्थानीय खेल अधिकारियों के पास भी नहीं है। वहीं, ओलंपिक, एशियन व कॉमनवेल्थ खेलों में शामिल खेल ही नर्सरियों में शामिल किए जाएंगे।