संवाद न्यूज एजेंसी
हांसी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने बताया कि डीजीपी अजय सिंघल के नेतृत्व में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा साइबर ठगी के पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत अब एक लाख रुपये या उससे अधिक की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत पर स्वतः ई-जीरो एफआईआर दर्ज की जाएगी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर प्राप्त एक लाख रुपये या उससे अधिक की साइबर धोखाधड़ी संबंधी शिकायतें स्वतः ई-जीरो एफआईआर में परिवर्तित हो जाएंगी। इससे मामलों में तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू की जा सकेगी और संबंधित साइबर पुलिस स्टेशन को जांच के लिए प्रकरण भेज दिया जाएगा।
एसपी ने बताया कि डीजीपी अजय सिंघल के अनुसार] साइबर अपराध वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल हैं। नई व्यवस्था से ठगी गई राशि को शीघ्र फ्रीज कराने, डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की संभावना बढ़ेगी। शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित साइबर पुलिस स्टेशन पीड़ित से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज और जानकारी प्राप्त करेगा। शिकायत का सत्यापन एवं अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नियमित एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी जाएगी।