मुख्य डाकघर में पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन करने पहुंचे सांसद दुष्यंत चौटाला और कार्यक्रम की अध्यक्षता करने पहुंचे सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता के समर्थकों के बीच सियासी रंग साफ नजर आया। जैसे ही सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता पहुंचे तो उनके समर्थकों ने भारत माता की जय, नरेंद्र मोदी जिंदाबाद, वंदे मातरम् के नारे लगाने शुरू कर दिए। ठीक ऐसी ही स्थित तब बनी, जब सांसद दुष्यंत चौटाला पहुंचे। उनके समर्थक पहले से ही नारेबाजी करते हुए साथ-साथ आए। उन्होंने देवीलाल जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। दोनों तरफ से दोनों नेताओं के समर्थकों ने नारेबाजी की।
दुष्यंत ने सीपीएस को थमाई रिबन काटने की कैंची
सांसद दुष्यंत चौटाला ने जब एंट्री की तो उन्हें रिबन कटवाने के लिए कैंची थमाई गई। दुष्यंत चौटाला ने कैंची लेकर डॉ. कमल गुप्ता को थमा दी। इसके बाद सीपीएस ने रिबन काट दिया। हालांकि रिबन काटने के बाद नाम पट्टिका का अनावरण किया। अनावरण के समय सीपीएस भीड़ में पीछे रह गए। दुष्यंत ने अनावरण करने के लिए रस्सी खींची। फिर साथ में सीपीएस पहुंचे। उन्होंने भी रस्सी को हाथ लगाकर दोबारा फोटो करवाया।
अब नहीं जाना पड़ेगा अंबाला या चंडीगढ़ : सांसद
सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सेवा केंद्र शुरू होने से हिसार वासियों की बरसों पुरानी मांग पूरी हो गई। अब पासपोर्ट बनवाने के लिए सैकड़ों किलोमीटर का सफर कर अंबाला या चंडीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा। सांसद ने कहा कि हिसार में एयरपोर्ट बने, इसकी उन्हें बेहद खुशी होगी। इसके लिए नितिन गडकरी को पत्र लिखा था और इसकी मांग की थी। पासपोर्ट कार्यालय मुख्य डाकघर के प्रथम तल पर खोला गया है। इस सेवा केंद्र में हिसार के अलावा सिरसा और भिवानी जिले के लोगों का भी पासपोर्ट बनेगा। इसके लिए हिसार, सिरसा और भिवानी जिले के इच्छुक लोगों को ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा।
भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार के लोगों को फायदा : गुप्ता
संसदीय सचिव डॉ. कमल गुप्ता का कहना है कि पासपोर्ट केंद्र हिसार में खुलने से भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद और हिसार के लोगों को फायदा। गुप्ता ने कहा कि हिसार में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की बात चल रही है। यहां एसटीपी, बड़ा जलघर और वाशिंग यार्ड बनाने के विकास कार्य गिनवाए। उन्होंने कहा कि डाबड़ा चौक पुल पर भी दोहरीकरण का कार्य शुरू हो गया है। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने हिसार के लिए 75 करोड़ रुपये सड़कों के विकास के लिए दिए हैं, जिससे शहर का कायाकल्प किया जाएगा।