हांसी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित यशवर्धन ने शुक्रवार रात को पुलिस चौकी बस अड्डा, पुलिस चौकी सिसाय पुल और विभिन्न पुलिस नाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, सतर्कता और सजगता का बारीकी से मूल्यांकन किया।
एसपी ने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिए कि वह आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग करें। संचार व्यवस्था को मजबूत रखें और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गश्त को और प्रभावी बनाया जाए :
निरीक्षण के दौरान चौकियों के रिकॉर्ड, ड्यूटी रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। अधीक्षक ने नाकों पर तैनात कर्मचारियों को निर्देशित किया कि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहनता से जांच की जाए तथा रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाया जाए। सभी पुलिस कर्मियों को ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ निभाने और आमजन के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी गई।