13 साल बाद दूरदर्शन केंद्र, हिसार अब प्रदेश का पूर्ण क्षेत्रीय चैनल बन गया है। अब हरियाणा के दर्शक और अधिक समय के लिए मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम दूरदर्शन पर देख सकेंगे।
चैनल के इस विस्तार के लिए संगीत समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री के ओएसडी राजकुमार भारद्वाज ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। भारद्वाज ने कहा कि हरियाणा दिवस के मौके पर ही दूरदर्शन केंद्र हिसार की शुरुआत हुई थी। अब यह अपने 14वें वर्ष में प्रवेश कर गया है।
यह गौरवशाली क्षण है। दूरदर्शन का देश के टीवी चैनलों में विशिष्ट स्थान है और यह आज भी अपनी विश्वसनीयता बनाए हुए हैं। भारद्वाज ने दूरदर्शन के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर आधारित देश के सर्वप्रथम बृहद काव्य संकलन एवं इसी विषय पर रिकॉर्डेड विशेष टीवी कार्यक्रम का विमोचन भी किया। जिसमें 100 कवियों की 200 कविताओं का कंठस्थ गायन व वाचन किया गया है।
सांस्कृतिक गतिविधियों से बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक गतिविधियों से कलाकारों ने समां बांध दिया। प्रसिद्ध गजल गायक अमरीश मिश्रा एवं रोली बरवा ने गजल की प्रस्तुति दी।
इसके अलावा मालविका व उनकी सखियों की नृत्य प्रस्तुतियों ने भी उपस्थितजनों का खूब मनोरंजन किया। दूरदर्शन केंद्र के निदेशक सतीश वत्स ने कहा कि कविताओं में देश व प्रदेश में गिरते लिंगानुपात पर चिंता व्यक्त की गई है तथा नारी सशक्तीकरण पर बल दिया गया है। कविताओं में कन्या भ्रूण हत्या का मार्मिक चित्रण है।
2002 में हुआ था उद्घाटन
सेक्टर-13 स्थित दूरदर्शन के हिसार केंद्र का उद्घाटन 1 नवंबर 2002 को तत्कालीन केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री सुषमा स्वराज ने किया था।
केंद्र निदेशक ने बताया कि दूरदर्शन क्षेत्रीय चैनल के कार्यक्रम केबल टेलीविजन नेटवर्क एक्ट के प्रावधानों के अनुसार राज्य में स्थित सभी केबल ऑपरेटर द्वारा दिखाना कानूनन जरूरी है। यदि कोई केबल ऑपरेटर दूरदर्शन के कार्यक्रम नहीं दिखाता है, तो उस पर कार्रवाई हो सकती है।
इसकी निगरानी के लिए प्रदेश सरकार द्वारा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव की अध्यक्षता में राज्यस्तरीय तथा उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय निगरानी समिति गठित की हुई है।