हिसार। प्रदेश के उत्तरी क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने से रविवार को दक्षिणी जिलों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। बाकी जिलों में कहीं बादल छाए रहे तो कहीं मौसम साफ रहा। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक आने वाले दिनों में मौसम परिवर्तनशील रहेगा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 10 से 13 जून के बीच एक के बाद एक दो विक्षोभ सक्रिय होगा। पहला विक्षोभ कमजोर श्रेणी का होगा जबकि दूसरा विक्षोभ मध्यम श्रेणी का होगा। इनके असर से तेज गति की हवाएं चलेंगी। बारिश की संभावना रहेगी। वहीं 8 से 10 जून के बीच तापमान में बढ़ोतरी होगी। हालांकि कम दबाव के कारण बीच-बीच में बादल छाने की भी संभावना है।
उधर रविवार को दोपहर बाद भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम आदि में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। इस दौरान रोहतक में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री दर्ज किया गया जो प्रदेश मे सबसे ज्यादा रहा। रोहतक में दिन का तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं अंबाला में न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री रहा जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम रहा।