हांसी। धनतेरस के आगमन के साथ ही शुक्रवार शाम से ही हांसी के बाजारों में रौनक लौट आई। शनिवार को शुभ मुहूर्त में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने की संभावना है। पूरे बाजार में चहल-पहल का माहौल है, वहीं व्यापारियों के चेहरे पर खुशी झलक रही है। धनतेरस से लेकर दीपावली तक व्यापार में रिकॉर्ड बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है। शहर में 10 स्थानों पर नाके लगाए गए हैं।
भीड़भाड़ के बीच पुलिस ने संभाली व्यवस्था
त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को सख्त किया है। हांसी शहर में 10 स्थानों पर नाके लगाए गए हैं, जबकि नारनौंद में दो नाके स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक नाके पर तीन से चार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। बाजार क्षेत्र में चार पहिया वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। वहीं, केवल दुपहिया, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है।
खरीदारी में दिखा उत्साह, ग्राहकों ने पहले से की बुकिंग
धनतेरस पर इस बार ग्राहकों का झुकाव न केवल सोना-चांदी और बर्तनों की ओर है, बल्कि इलेक्ट्रॉनिक और आधुनिक वस्तुओं की ओर भी देखने को मिल रहा है। कई ग्राहकों ने नए फोन, टीवी, फ्रिज और गाड़ियां खरीदने के लिए पहले से ही बुकिंग करा रखी थी ताकि अंतिम समय में स्टॉक की दिक्कत न हो।
इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ स्मार्टफोन और स्मार्ट टीवी काउंटरों पर देखने को मिल रही है। बड़े ब्रांड्स ने फेस्टिवल ऑफर्स के तहत आकर्षक गिफ्ट और छूट की घोषणाएं की हैं, जिससे ग्राहकों में उत्साह और बढ़ गया है।
बाजारों में सजी रंगीन स्टॉलें, ग्राहकों का लगा तांता
बाजारों में जगह-जगह सजी स्टॉलों ने त्योहारी माहौल को और जीवंत बना दिया है। शुक्रवार को भी लोगों ने बैरिकेडिंग के बावजूद खरीदारी का आनंद लिया। स्टॉलों पर गारमेंट्स, हैंडलूम, जूते-चप्पल, गृह सजावट सामग्री, खिलौनों और साज-सज्जा के सामान की बिक्री जोरों पर रही।
व्यापारियों के अनुसार, जीएसटी दरों में कमी का सीधा असर इस बार की बिक्री पर देखने को मिलेगा। दुकानदारों को उम्मीद है कि धनतेरस और दीपावली पर बिक्री में 25 से 30 प्रतिशत तक की वृद्धि हो सकती है।
चांदी के सिक्के और मूर्तियों की बढ़ी मांग
ज्वेलर्स राघव कपूर के अनुसार, इस बार बाजारों में चांदी के रंग-बिरंगे सिक्कों, गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों, मछली और हाथी के शोपीस की जबरदस्त मांग है। पूजन सामग्री और चांदी के पूजन सेट की बिक्री भी लगातार बढ़ रही है। त्योहार के माहौल में सजे-धजे बाजार, झिलमिलाती लाइटों और ग्राहकों की भीड़ के बीच धनतेरस ने हांसी के व्यापार में नई ऊर्जा भर दी है। व्यापारी उम्मीद जता रहे हैं कि यह सीजन उनके लिए बीते वर्षों से अधिक शुभ और लाभकारी रहेगा।
त्योहारों पर सख्त इंतजाम करना आवश्यक : एसपी
सभी राइडरों व पीसीआर गाड़ियों को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए हैं। ताकि किसी भी आपात या संदिग्ध घटना को समय रहते रोका जा सके। सभी संवेदनशील क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्रमुख मार्गों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था इंतजाम किए गए हैं। आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम 88130-89302 पर दें। - अमित यशवर्धन, पुलिस अधीक्षक, हांसी।