फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: एयरपोर्ट के दायरे में आने से 5 की जगह 2 मंजिल बनेगा पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन

विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार। हिसार एयरपोर्ट के प्रतिबंधित दायरे में आने के चलते राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के नए प्रस्तावित पांच मंजिला भवन पर रोक लगा दी गई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के नियमों के अनुसार अब संस्थान के नए भवन में केवल दो मंजिल ही होंगी। पीडब्ल्यूडी ने अब इस भवन की नई ड्राइंग तैयार कर मंजूर कराई है। दो मंजिला भवन पर करीब 36 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। बहुतकनीकी संस्थान की ओर से पिछले दो साल से इस भवन की ड्राइंग को मंजूरी दिलाने के लिए प्रयास किया जा रहा था।
विज्ञापन


हिसार एयरपोर्ट चालू किए जाने के बाद कुछ प्रतिबंध लागू किए गए हैं। एयरपोर्ट के प्रतिबंधित तीन किलोमीटर रेडियस के दायरे में बहुमंजिला भवनों के निर्माण को अनुमति नहीं दी जा रही है। हिसार एयरपोर्ट से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर गुरु दक्ष बहुतकनीकी संस्थान है। इस संस्थान में 900 से अधिक विद्यार्थी हैं। विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या तथा नए ट्रेड शुरू किए जाने के लिए नए भवन की मांग की जा रही थी। पिछले तीन साल से नए भवन का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा जा रहा था।

बहुतकनीकी संस्थान ने पांच मंजिला भवन के लिए पीडब्ल्यूडी ने ड्राइंग नक्शा तैयार किया था। इस ड्राइंग को मंजूरी के लिए प्रदेश सरकार के पास भेजा गया था जहां से एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को भेजा गया। एएआई ने पांच मंजिला भवन पर आपत्ति जताई। एएआई ने केवल दो मंजिला भवन बनाने की अनुमति दी। जिसके बाद पीडब्ल्यूडी ने नए सिरे से दो मंजिला भवन की ड्राइंग तैयार कर मुख्यालय को भेजी। इस ड्राइंग को एएआई की सहमति मिलने के बाद अंतिम रूप दिया गया।
विज्ञापन


महिला कॉलेज के काम भी रुके

राजकीय महिला कॉलेज भी एयरपोर्ट के साथ लगा है। महिला कॉलेज में छात्रावास तथा नए शैक्षणिक खंड का प्रस्ताव पिछले तीन साल से लंबित है। एएआई के नियमों के चलते बहुमंजिला भवन को मंजूरी नहीं दी जा रही है।

2027 के बाद बड़े जहाज भी भरेंगे उड़ान

अभी एयरपोर्ट पर सीमित संख्या में ही हवाई सेवाएं चल रही हैं, जिसमें 42 से 70 सीटर विमान ही उड़ान भर रहे हैं। अप्रैल 2027 में एयरपोर्ट का नया टर्मिनल तथा अन्य भवन बनकर तैयार होने की उम्मीद है, जिसके बाद बड़े जहाज भी हिसार से शुरू किए जाएंगे। कार्गो जहाजों को यहां से चलाने की तैयारी है। इसके बाद कुछ अन्य सेवाओं तथा एयरपोर्ट दायरे को लेकर सख्ती बढ़ेगी।

हमारे पास भवन की बहुत अधिक कमी है। हम विद्यार्थियों को बैठने तथा लैब की बेहतर सुविधा नहीं दे पा रहे हैं। नए पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए हमें नए भवन की जरूरत है, जिसके लिए हमने पांच मंजिला भवन का प्रस्ताव तैयार कराकर भेजा था। एएआई के दायरे में होने के चलते इसे महज दो मंजिल पर सीमित कर दिया है।

- जगमोहन सिंह, प्राचार्य, गुरु दक्ष बहुतकनीकी संस्थान, हिसार।

हमने बहुतकनीकी संस्थान की ड्राइंग मुख्यालय को भेजी थी। हमें ड्राइंग मिल चुकी है। दो मंजिला भवन बनाया जाएगा, जिस पर करीब 36 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है। ग्राउंड फ्लोर के पास एक अतिरिक्त मंजिल होगी।
विज्ञापन




- गौरव जैन, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, हिसार।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें