हांसी। जिला नगर योजनाकार विभाग ने वीरवार को भिवानी रोड पर पेट्रोल पंप के पास 5 एकड़ में बनी अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की। जेसीबी चलाकर 4 कच्चे रोड, तीन डीपीसी को नष्ट किया। विभाग की तरफ से कॉलोनी काटने वाले जोगिंद्र व अन्य को पहले नोटिस जारी किए थे लेकिन नोटिस मिलने के बाद से कॉलोनी काटने वालों ने वहां से कब्जा नहीं हटवाया था।
कार्रवाई के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट पंचायती राज के एसडीओ पृथ्वीराज को नियुक्त किया गया। वहीं डीटीपी दिनेश सिंह, एफआई सपना ठकराल व अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही पुलिस बल भी तैनात रहा। डीटीपी दिनेश सिंह ने बताया कि अवैध कॉलोनी काटने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी है। उन्होंने बताया कि अवैध कॉलोनी काटने को लेकर पहले नोटिस दिए थे। इसके बाद अब कार्रवाई अमल में लाई गई है। डीटीपी ने बताया कि प्लॉट खरीदने से पूर्व कॉलोनी वैध है या नहीं बारे अवश्य जांच-पड़ताल करें। लाइसेंस की पॉलिसी से संबंधित विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट www.tcpharyana.gov.in का अवलोकन करके एवं किसी भी कार्यदिवस में हिसार के सेक्टर 13 में स्थित जिला नगर योजनाकार कार्यालय में आकर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
डीटीपी दिनेश सिंह ने कहा कि हांसी वैध व अवैध कॉलोनियों की सूची तैयारी की जा रही है। इसे जल्दी ही लघु सचिवालय में बने तहसील कार्यालय में लगाया जाएगा।