पटाखे बजाने पर पुलिस द्वारा उतरवाया गया बुलेट का साइलेंसर लेकर खड़ा युवक।
- फोटो : Hisar
हिसार। बुलेट से पटाखे जैसी आवाज निकालने वालों पर पुलिस सख्ती कर रही है। किसी बुलेट बाइक का 10 हजार का तो किसी का 22 हजार रुपये का चालान किया जा रहा है। मंगलवार को एक युवक बुलेट बाइक से पटाखे बजाते हुए फव्वरा चौक से गुजर रहा था तो वहां मौके पर मौजूद डीएसपी जोगिंद्र शर्मा व ट्रैफिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर ने उसे रोका।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम राजस्थान के भोजासर निवासी नरेेश बैनीवाल बताया। पुलिस ने उसे दस्तावेज दिखाने को कहा तो वह सभी दस्तावेज नहीं दिखा सका। नरेश ने बताया कि यह बुलेट तोशाम निवासी वीरेंद्र की है। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उसका 16 हजार रुपये का चालान कर दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी को डीएसपी ने उसकी बुलेट पर लगा साइलेंसर उतारने को कहा। पुलिसकर्मी हाथ में पेचकस लिए काफी देर तक लगा रहा। सफलता नहीं मिली तो पुलिसकर्मी उस बुलेट को ऑटो मार्केट ले गए और वहां मिस्त्री से बुलेट का साइलेंसर उतरवाकर लाए और साइलेंसर बुुलेट चालक नरेश के हाथ में थमा दिया।
इनके भी किए चालान
- बस अड्डे पर भी पुलिस ने वहां से बुलेट बाइक पर गुजर रहे मंगाली निवासी अजय की बुलेट का 21 हजार रुपये का चालान किया। पुलिस को उसने बताया कि ये बुलेट मंगाली सुरतिया निवासी नरेंद्र की है। पुलिस ने बुलेट के दस्तावेज दिखाने को कहा तो वह पेश नहीं कर सका। जिस पर पुलिस ने चालान करने के साथ-साथ बुलेट बाइक को जब्त कर लिया। इसने मानकों के विपरीत साइलेंसर लगा रखा था।
- डाबड़ा चौक पर भी ट्रैफिक पुलिस ने मॉडल टाउन निवासी गौतम को वहां से बुलेट बाइक पर सवार होकर गुजरते समय रोका। इस दौरान गौतम अपनी बुलेट बाइक के पूरे दस्तावेज नहीं दिखा सका तो उसका भी 22 हजार रुपये का चालान किया। इसने भी मानकों के विपरीत साइलेंसर लगा रखा था।
- डाबड़ा चौक पर ट्रैफिक पुलिस ने शिव नगर निवासी वीरेंद्र को वहां से बुलेट बाइक पर सवार होकर गुजरते समय रोका। वीरेंद्र ने अपनी बुलेट पर मानकों के विपरीत साइलेंसर लगा रखा था। जिस पर उसका 10 हजार रुपये का चालान किया गया।