हिसार। श्यामलाल की ढाणी में पिछले तीन साल से सीवरेज व्यवस्था ठप है। बारिश के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।
इससे परेशान महिलाएं मंगलवार को जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय पहुंची और सोए अफसरों को जगाने के लिए ढोल बजाकर प्रदर्शन किया। इसके बाद महिलाएं अधीक्षण अभियंता के दफ्तर में घुस गईं और तैन्नू अफसर किन्ने बनाया...गीत के जरिये तंज कसे। हालांकि अधीक्षण अभियंता विकास सीट पर नहीं थे। महिलाओं ने करीब 20 मिनट तक नारेबाजी की।
सूचना मिलने पर जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता बलकार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि सुपर सकर मशीन भेजकर जल्द ही सफाई कराई जाएगी और चार दिन के भीतर समस्या का स्थायी समाधान कर देंगे।
श्यामलाल ढाणी के निवासी जवाब दो हिसाब दो संस्था के अध्यक्ष राजीव सरदाना, ललित भाटिया, राजेंद्र यादव, कर्म सिंह, भीम सिंह, गीता देवी, अंगूरी, सुनीता, बिमला, अंजनी ने कहा कि ढाणी की गली में हमेशा सीवरेज ओवरफ्लो रहते हैं। पानी जमा रहने से बदबू फैल रही है और बीमार होने का डर सताता है।
अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद सिर्फ औपचारिकता निभाई जाती है। कर्मचारी आते हैं और फट्टी मारकर पानी निकाल दिया जाता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि पिछले तीन दिन से गली में सीवरेज का पानी भरा है।