गोगामेड़ी से हिसार आ रही रोडवेज बस में चालक-परिचालक द्वारा यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप है। इतना हीं नहीं बस में सवार जींद निवासी पवन, रविंद्र और ओमप्रकाश के साथ मारपीट भी की। उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई। तीनों को गुम चोट आई है। इस मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है।
बस में सवार जींद निवासी रविंद्र ने बताया कि रात को दो बजे बस गोगामेड़ी से हिसार के लिए रवाना हुई थी, लेकिन बस कंडक्टर अनिल ने किसी यात्री को टिकट देकर बकाया नहीं दिए तो किसी को टिकट ही नहीं दी। इस पर बस में सवार यात्रियों ने विरोध किया और वीडियो बनानी शुरू कर दी। यात्रियों का आरोप है कि चालक-परिचालक बदतमीजी पर उतर आए और यात्रियों से मोबाइल छीनने लग गए। रविंद्र ने बताया कि बस ड्राइवर ने रानी लक्ष्मीबाई चौक के पास झगड़ना शुरू कर दिया। उसके बाद ड्राइवर बस को सीधा वर्कशॉप में लेकर आ गया। आरोप है कि वहां अन्य लोगों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की गई।
आरोप : सरकार नहीं देती हमें ओवरटाइम, चार-पांच टिकट का पैसा रखेंगे
यात्री रविंद्र ने बताया कि जब उन्होंने टिकट नहीं देने पर कंडक्टर अनिल से बातचीत की तो कंडक्टर ने कहा कि हमें सरकार ओवरटाइम नहीं देती है। चार-पांच टिकटों पर पैसा हम अपनी जेब में रखते हैं। तुम कौन होते हो, यह सब पूछने वाले। इतना होते-होते चालक-परिचालक बदतमीजी पर उतर आए और यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया।
मुझे यात्री इस बारे में लिखित में शिकायत दें कि कौन सी बस है। बस के चालक-परिचालक को बुलाया जाएगा और उनसे बातचीत की जाएगी।
- वेद प्रकाश, रोडवेज जीएम।
हमारे पास सुबह पांच बजे यात्री आए थे, लेकिन उनका झगड़ा रानी लक्ष्मीबाई चौक के पास हुआ था। यह एरिया हमारे क्षेत्र में नहीं आता है। ऐसे में यात्रियों को शिकायत देने के लिए एचएयू पुलिस चौकी जाने की बात कही थी।
- चांदीराम, इंचार्ज, बस स्टैंड पुलिस चौकी।
इस मामले में हमारे पास सुबह शिकायत आई थी। दोनों पक्षों के बयान लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
- विक्रांत, हेड कांस्टेबल, एचएयू पुलिस चौकी।