फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: कचरा उठाने आए टिप्पर के चालक से मारपीट, कपड़े फाड़े, टायरों में घोंपे सुएं

विज्ञापन
पुलिस सुरक्षा में चलाई जा रही गाड़ी । 
विज्ञापन
हिसार। नगर निगम सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के 31वें दिन शनिवार को डोर-टू-डोर कचरा उठाने आए टिप्परों का विरोध किया गया। पूर्व निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता के आवास के पास मलिक चौक पर कचरा उठाने आए टिप्पर को रोककर चालक से मारपीट की गई और उसके कपड़े फाड़ दिए गए।
विज्ञापन


वहीं, चार टिप्परों के टायरों में सुएं घोंपकर पंक्चर किए गए और दो टिप्परों के ईंट मारकर शीशे तोड़ दिए गए। निगम को घटनाओं से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं। इनमें सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान सुरेंद्र उर्फ गोलू टिप्पर के चालक से बातचीत करते नजर आ रहे हैं।

नगर निगम अधिकारियों ने शनिवार को 10 वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा उठान के लिए 59 टिप्पर भेजे थे। पांच टिप्परों के क्षतिग्रस्त होने के बावजूद 54 से करीब 110 टन कचरा उठाया गया। निगम की ओर से सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान सुरेंद्र गोलू, पवन, विशाल सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तीन शिकायतें दी गई हैं।
विज्ञापन


दो जोन में बांटकर भेजे 59 टिप्पर, 110 टन कचरा उठाया

निगम ने कचरा उठान के लिए शहर को दो जोन में बांटा था। जोन-1 में वार्ड 1, 2, 3, 4 और 9 में 27 टिप्पर कार्यकारी अधिकारी अमित कौशिक के नेतृत्व में भेजे गए। प्रत्येक टिप्पर चालक के साथ एक पुलिसकर्मी तैनात किया गया। इस जोन में करीब 60 टन कचरा उठाया गया। जोन-2 में वार्ड 11, 12, 13, 14 और 15 में 32 टिप्पर भेजे गए। यहां नगर निगम कर्मचारियों के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी मौजूद रहे। कचरा उठान के लिए जेसीबी और डंपर भी लगाए गए। टीम ने सुबह से शाम तक करीब 50 टन कचरा एकत्र किया।

गाली-गलौज कर धमकाया, कपड़े फाड़े

पुठी समैण निवासी टिप्पर चालक रामनारायण ने बताया कि वह शनिवार सुबह 10:15 बजे पारिजात चौक से कचरा उठाने निकला था। मलिक चौक के पास पहुंचने पर करीब 15 से 20 लोग वहां आ गए। इनमें कुछ लोग बाइक पर बैठे थे। उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ लोगों ने टिप्पर के शीशे के ऊपर से हाथ डालकर खिड़की खोल दी। इसके बाद उसके कपड़े फाड़ दिए और मारपीट की। रामनारायण का आरोप है कि उसे धमकी दी गई कि काम नहीं छोड़ा तो अच्छा नहीं होगा। उसने एचएयू चौकी में अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, कपड़े फाड़ने और धमकी देने की शिकायत दी है।

सेक्टर-13 में टिप्पर तोड़ा, चारों टायर पंक्चर किए

सेक्टर-13 में नगर निगम के एक टिप्पर पर ईंट मारकर शीशा तोड़ दिया गया। आरोप है कि हमलावर टिप्पर की चाबी और दस्तावेज भी छीन ले गए। इसके बाद चारों टायरों में सुएं घोंपकर पंक्चर कर दिए गए। सूचना मिलने पर निगम अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। बाद में क्रेन की मदद से टिप्पर को थाने ले जाया गया। निगम के अनुसार, अर्बन एस्टेट क्षेत्र में तीन टिप्परों के टायर पंक्चर किए गए। निगम ने अर्बन एस्टेट और सिविल लाइन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए शिकायत दी है। सिविल लाइन थाने में प्रधान सुरेंद्र उर्फ गोलू और पवन के खिलाफ, जबकि अर्बन एस्टेट थाने में विशाल सफाई कर्मचारी के खिलाफ शिकायत दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें