बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा और मथुरा से भाजपा सांसद ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी की एक झलक पाने के लिए लोग दो घंटे से भी ज्यादा समय तक इंतजार करते रहे। भाजपा प्रत्याशी डॉ. कमल गुप्ता के समर्थन में पुराना गवर्नमेंट कॉलेज मैदान में हेमा मालिनी के कार्यक्रम का समय दोपहर डेढ़ बजे रखा गया था जबकि वे पूरे दो घंटे की देरी से करीब साढ़े तीन बजे जनसभा स्थल पर पहुंची।
लोग गर्मी में पसीने-पसीने होकर अभिनेत्री की बाट देखते रहे। निर्धारित समय तक जनसभा स्थल पर ज्यादा भीड़ नहीं थी लेकिन जब हेमा मालिनी पहुंची तो जनसभा स्थल पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। मंच पर चढ़ते ही हेमा ने सभी का हाथ हिलाकर अभिवादन किया और जल्दी से जनसभा निपटाकर आगे के लिए निकल गई।
हेमा मालिनी ने जैसे ही अपना पांच-सात मिनट का संबोधन खत्म किया तो उसी दौरान भाजपा प्रत्याशी डॉ. कमल गुप्ता ने उनसे किसी फिल्म का डायलॉग बोलने के लिए आग्रह किया। अभिनेत्री ने यह कहकर मना कर दिया कि वे यहां डायलॉग बोलने नहीं आई हैं।
इसी तरह जब कमल गुप्ता की पत्नी प्रतिमा गुप्ता उनके साथ माला पहनाते हुए फोटो खींचवाने लगी तो भी उस पर आपत्ति जताई। वहीं जनसभा में आए लोगों को पूरी उम्मीद थी कि हेमा अपनी फिल्मों के डायलॉग जरूर सुनाएंगी। उनकी तस्वीर कैमरे में कैद करने के लिए युवाओं में होड़ लगी रही। युवतियां भी अपने मोबाइल से उनकी फोटो खिंचने के लिए तत्पर दिखाई दी।
भाजपा करती है नि:स्वार्थ सेवा : हेमा
हेमा मालिनी ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो नि:स्वार्थ भाव से जनता की सेवा करती है। इसीलिए उन्होंने दस साल पहले भाजपा ज्वाइन की थी। उन्होंने कहा कि भाजपा की अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार ने भी अच्छा काम किया। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है। हेमा मालिनी ने कहा कि जब सारा देश भाजपा के साथ चल रहा है तो हिसार की जनता को भी पीछे नहीं रहना चाहिए। भाजपा के साथ मिलकर हिसार को भी विकास का भागीदार बनना चाहिए। इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी डॉ. कमल गुप्ता, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष सुजीत कुमार, यूपी से पूर्व विधायक महेश गुप्ता, मंदीप मलिक, रवि सैनी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हेमा मालिनी के हेलीकॉप्टर की चपेट में आया युवक
बरवाला में अभिनेत्री और भाजपा सांसद हेमा मालिनी को करीब से देखने की चाहत में गांव सरसौद निवासी महेंद्र उनके हेलीकॉप्टर की जद में आकर घायल हो गया। युवक हेमा मालिनी के हेलीकॉप्टर के इतने नजदीक चला गया कि हेलीकॉप्टर की पंखुडियों के रुकने से पहले ही वह उनकी चपेट में आ गया। घायल युवक को तुरंत बरवाला के निजी अस्पताल में भर्ती करवा गया, जहां पर डाक्टरों ने कुछ देर के बाद युवक को छुट्टी दे दी गई। इस घटना से वीआईपी की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
हेमा मालिनी शुक्रवार को बरवाला, आदमपुर और हिसार में भाजपा के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने के आई हुई थी। इसी दौरान जब वे हेलीकॉप्टर से बरवाला पहुंची तो सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर लैंडिंग की जगह पहुंच गए।
ऐसे में सरसौद निवासी महेंद्र भी लैंडिंग की जगह पर पहुंच गया। जैसे ही हेलीकॉप्टर लैंडिंग करने लगा तो पंखे से उड़ने वाली धूल के कारण महेंद्र को कुछ दिखाई नहीं दिया। इसी कारण वह हेलीकॉप्टर की पंखुडियों की चपेट में आ गया और इससे उसकी गर्दन पर हल्की चोट आई। भाजपा कार्यकर्त्ता घायल महेंद्र को निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां पर उपचार के बाद डाक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी।
युवक के मरने की खबर फैल गई इलाके में
हेलीकॉप्टर की चपेट में आए हुए युवक की मौत की भ्रामक खबर भी आग की तरह बरवाला व आसपास के इलाकों में फैल गई। यहां तक कि कई मीडिया चैनलों ने भी युवक की मृत्यु होने की खबर को प्रसारित कर दिया।
अफरातफरी का बना माहौल
युवक के चपेट में आने के साथ ही कार्यकर्ताओं व हेमा मालिनी को देखने के लिए आए लोगों में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। आलम यह रहा कि लोग को करीब दस मिनट की मशक्कत के बाद भाजपा कार्यकर्ता शांत करवा पाए। इसके बाद हेमा मालिनी केवल दस मिनट ही मंच पर रुकी और उसके बाद वह अन्य इलाकों में प्रचार के लिए रवाना हो गईं।