हांसी। नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों की संख्या में इजाफा हुआ है। डॉ़ नाजमीन ने मेडीकल ऑफिसर के रूप में वीरवार को कार्यभार संभाला है। उनके कार्यभार संभालते ही यहां चिकित्सकों की संख्या 6 हो गई हैं। हालांकि 5 पद अभी भी खाली हैं। उनकी नियुक्ति से अस्पताल में मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं में इजाफा होगा। हालांकि अस्पताल में अभी भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी बनी हुई है। जिसकी वजह से मरीज परेशान होते हैं।
डॉ़ नाजमीन की नियुक्ति स्थायी चिकित्सा सेवाओं के तहत हुई है। उनका तबादला कैथल से हांसी हुआ है। करीब पांच महीने पहले ही उनका चयन हुआ था। नागरिक अस्पताल में 11 मेडिकल ऑफिसर के पद स्वीकृत हैं। इससे पहले पांच मेडिकल ऑफिसर यहां तैनात हैं। वहीं दो एसएमओ के पद हैं व दोनों पद भरे हुए हैं। अब डॉ. नाजमीन की नियुक्ति से चिकित्सकों की संख्या बढ़ी है। चिकित्सकों की कमी के चलते यहां पर इमरजेंसी सेवाओं के लिए आसपास के गांवों की पीएचसी, सीएचसी व नारनौंद के नागरिक अस्पताल में तैनात चिकित्सकों की मदद लेनी पड़ती है। अस्पताल में प्रतिदिन 300 से 400 मरीज उपचार के लिए आते हैं।
अस्पताल में एनएचएम के तहत बाल रोग विशेषज्ञ व एनीस्थिसिया विशेषज्ञ की नियुक्ति है। इसके अलावा यहां पर दंत रोग विशेषज्ञ है। वीरवार व शुक्रवार को हिसार से नेत्र रोग विशेषज्ञ यहां मरीज आते हैं। अस्पताल में ऑन कॉल चिकित्सक के रूप में डिलीवरी के लिए डॉ. प्रियंका खत्री व डॉ. हितांशी से भी अनुबंध किया हुआ है। जरूरत पड़ने पर इन्हें बुलाकर डिलीवरी करवाई जाती है, लेकिन नागरिक अस्पताल में एमडी मेडिसन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, चमड़ी रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ सहित कई विशेषज्ञ चिकित्सकों की जरूरत है। जिसकी वजह से मरीजों को या तो निजी अस्पताल या फिर हिसार के नागरिक अस्पताल में जाकर उपचार करवाना पड़ता है। जिसमें मरीजों की जेब भी ज्यादा ढीली होती है।
अस्पताल में एक नई चिकित्सक की नियुक्ति हुई है। उन्होंने कार्यभार संभाल लिया है। चिकित्सकों की कमी के चलते समय समय पर अधिकारियों को पत्र लिख कर सूचित किया जाता है। - डॉ़ राहुल बुद्धिराजा, एसएमओ, नागरिक अस्पताल।