अग्रोहा। गांव नंगथला में सोमवार रात कुछ शरारती तत्वों ने पार्क में स्थापित डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा को खंडित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस व क्राइम टीम ने मौके का मुआयना कर फिंगर प्रिंट व अन्य सबूत जुटाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार गांव नंगथला से ठसका रोड स्थित प्राइमरी स्कूल के सामने बने पार्क में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की हुई है। ग्रामीणों ने सोमवार को डॉ. आंबेडकर की जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन किया था। रात को शरारती तत्वों ने डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा का चेहरा और चश्मा खंडित कर दिया। इससे ग्रामीणों में रोष है। सूचना मिलते ही अग्रोहा थाना प्रभारी रिसाल सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी किशोरी लाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को जल्द दोषियों की गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
वर्ष 2023 में ग्रामीणों ने पार्क में प्रतिमा स्थापित की थी : ग्रामीणों ने बताया कि दो साल पहले आपसी सहयोग से डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की थी। गांव के युवा ही प्रतिमा की संभाल करते हैं। समाज के लोगों में इस घटना को लेकर रोष है। वहीं, पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के जिला सचिव गोपाल ओढ़ ने प्रेस को जारी अपने बयान में कहा कि जिसने भी गलत काम किया है उसे तुरंत गिरफ्तार किया जाए।