हांसी। जिला नगर योजनाकार विभाग ने मंगलवार को हिसार रोड पर ज्ञानानंद मिशन के साथ 5 एकड़ में काटी जा रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की। डीटीपी दिनेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने जेसीबी चलाकर चार डीपीसी व कच्ची सड़कें उखाड़ीं। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग 9 पर एक ढाबे पर कार्रवाई की गई। सिंचाई विभाग के एसडीओ विवेक गुप्ता को कार्रवाई के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था।
जिला नगर योजनाकार विभाग के अनुसार राहुल एनक्लेव के नाम से अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी जिसको लेकर विभाग की तरफ से पहले नोटिस जारी किए गए थे। कार्रवाई के दौरान मौके से चार डीपीसी और कच्ची सड़कों को उखाड़ दिया। इसके बाद टीम ने कुंदनापुर रोड पर अवैध कॉलोनी में कार्रवाई के लिए गई। टीम को सूचना मिली थी कि वहां पर टीन का शेड लगाया गया है। हालांकि टीम पहुंची तो शेड नहीं मिला। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ढाबे पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान जिला नगर योजनाकार विभाग की फील्ड इंस्पेक्टर सपना व जेई सचिन उपस्थित रहे।