हिसार। जिले के एक गांव में सरपंच पद के लिए अपने बेटे, पुत्रवधू और अन्य के साथ वोट मांग रही महिला के साथ गांव के एक व्यक्ति और उसके परिजनों ने मारपीट की। महिलाओं के कपड़े फाड़ दिए। उन्हें जातिसूचक गालियां दीं। हथियार लेकर जान से मारने के लिए पीछे भी दौड़े। घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। सदर थाना पुलिस ने सुरेंद्र, मंजीत, कुलदीप, ज्योति और पांच अन्य के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
शिकायत में सरपंच पद की उम्मीदवार महिला ने बताया कि एक नवंबर को बेटे, पुत्रवधू और अन्य के साथ गांव में डोर टू डोर वोट मांग रहे थे। वोट मांगते समय सुरेंद्र के घर के सामने पहुंचे तो मेरे बेटे ने सुरेंद्र के पांव छुए और कहा कि चुनाव में हमारी मदद करना। इसी बात को लेकर सुरेंद्र ने जातिसूचक गालियां देना शुरू कर दिया। सुरेंद्र ने आवाज देकर अपने परिवार वालों को बुलाया। उन सभी ने हमारे साथ मारपीट की और मेरे कपड़े फाड़ दिए। उसके बाद वे हथियार लेकर हमारे पीछे दौड़े और जान से मारने की धमकी दी। बाद में परिवार वाले उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर आए। सदर थाना पुलिस ने उक्त लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।