गांव न्यौली खुर्द में मंदिर में मत्था टेकते आप प्रत्याशी सत्येंद्र सिंह।
- फोटो : Hisar
आदमपुर/हिसार। आदमपुर उपचुनाव के मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने मतदान से पहले अपने अराध्य देवों का आशीर्वाद लिया। पूजा पाठ के बाद ही मतदान केंद्रों पर पहुंचे। भाजपा के भव्य बिश्नोई, आप के सतेंद्र सिंह, इनेलो के कुरड़राम नंबरदार ने अपने परिवार के साथ मतदान किया। कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश जेपी का वोट कलायत में होने के कारण वह खुद के लिए वोट नहीं डाल सके।
भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई, पिता कुलदीप बिश्नोई के साथ वीरवार सुबह करीब 5 बजे सीसवाल के प्रसिद्ध शिव मंदिर में पहुंचे। इसके बाद पूर्व सीएम चौधरी भजनलाल के समाधि स्थल पर जाकर आशीर्वाद लिया। आदमपुर अनाज मंडी में बने बूथ नंबर 54 पर भव्य के साथ उनकी दादी जसमा देवी, मां रेणुका बिश्नोई, पिता कुलदीप बिश्नोई, भाई चैतन्य बिश्नोई ने मतदान किया।
इनेलो प्रत्याशी कुरड़ाराम ने घर में ही भगवान को नमन किया। इसके बाद पूरे परिवार के साथ बालसमंद के बूथ नंबर 174 पर मतदान केंद्र पर पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी सजनी, बड़े भाई रामकुमार, बेटे पारस, जितेंद्र के साथ मतदान किया।
आम आदमी पार्टी प्रत्याशी सतेंद्र सिंह मतदान से पहले हनुमान मंदिर पहुंचे। बजरंग बली के चरणों में दंडवत नमन के बाद हनुमान चालीसा पढ़ी। न्यौली खुर्द के बूथ नंबर 146 पर पत्नी, बेटी, बेटे के साथ मतदान किया।
गांव सीसवाल स्थित मंदिर में शिवलिंग पर दूध चढ़ाते कुलदीप बिश्नोई व रेणुका बिश्नोई।- फोटो : Hisar