हिसार। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने लोकेशन आधारित जिओ फेसिंग एप के विरोध में सोमवार को एक घंटे सांकेतिक हड़ताल का एलान किया है। चिकित्सक सुबह 10 से 11 बजे तक सांकेतिक हड़ताल कर विरोध जताएंगे। इस दौरान ओपीडी से लेकर जांच सुविधा तक सभी बंद रहेंगी। हड़ताल के जरिए चिकित्सक अपना रोष जताएंगे।
हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन के कार्यकारी जिला प्रधान डॉ. विक्रम गोरिया, बहुद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन के प्रधान विकास संदलाना ने बताया कि एप का विरोध लंबे समय से कर रहे हैं। 28 जुलाई को स्वास्थ्य कर्मचारियों ने काले बिल्ले लगाकर विरोध जताया था।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बाद भी स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव और महानिदेशक जिओ फेसिंग हाजिरी प्रणाली के आदेशों को निरस्त नहीं कर रहे। आदेशों को निरस्त नहीं किए जाने के विरोध में कार्य का बहिष्कार करते हुए गेट मीटिंग की जाएगी। संबंधित सिविल सर्जन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपेगे। इसके बाद भी मांग नहीं मानी तो 10 अगस्त को पुनः स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तालमेल कमेटी की बैठक करके अगले आंदोलन की घोषणा की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग तालमेल कमेटी के जिला संयोजक एमपीएचडब्ल्यू नूर मोहमद, डेंटल सर्जन के अध्यक्ष डॉ नरेश यादव, फार्मेसी ऑफिसर के विनोद दलाल,नर्सिंग कैडर की संतोष श्योराण, लैब टेक्निकल ऑफिसर दिनेश कुमार,रेडियोलॉजी ऑफिसर की मायावती, ऑप्थालमिक ऑफिसर के प्रधान ओम प्रकाश, एनएचएम के अनिल जानागल और चतुर्थ श्रेणी की प्रधान सोना देवी ने कहा कि सभी विभागों के कर्मचारी एकजुटता का परिचय देते हुए सेवाओं को ठप रखेंगे।