हिसार। डीजी हेल्थ के निर्देशों के बावजूद चिकित्सकों ने जीओ फेसिंग एप डाउनलोड करने से इनकार कर दिया है। चिकित्सकों का कहना है कि इस एप के जरिए उनकी निजी लोकेशन की निगरानी की जाती है, जिससे उनकी निजता भंग होती है। साथ ही, उन्हें बैंक संबंधित डेटा लीक होने का भी डर है।
डीजी हेल्थ ने आदेश जारी कर सभी चिकित्सकों को जीओ फेसिंग एप इंस्टॉल करने को कहा था, ताकि मरीज यह जान सकें कि किस अस्पताल, सीएचसी या पीएचसी में कौन-सा चिकित्सक ड्यूटी पर है। यह एप 500 मीटर के दायरे में चिकित्सक की उपस्थिति और गतिविधियों को ट्रैक कर सकता है। इसके माध्यम से अधिकारियों को रियल-टाइम मॉनिटरिंग और उपस्थिति दर्ज करने की सुविधा मिलती, लेकिन निजता संबंधी चिंताओं के चलते डॉक्टरों ने इसे मोबाइल पर इंस्टॉल करने से साफ मना कर दिया है।
मुख्यालय से आदेश जरूर मिले थे। लेकिन चिकित्सकों ने साफ इन्कार कर दिया है। उन्होंने निजता कार्य व दस्तावेज की लीक होने का कारण बताया है। आला अधिकारियों को भी मामले से अवगत करा दिया गया है। जैसे ही आदेश मिलेंगे, उसी ही लागू कर दिया जाएगा।
- डॉ. सपना गहलोत, सीएमओ, हिसार