हिसार। शांति नगर स्थित श्री योग भगवान कृष्ण कपिला गोशाला (आईसीयू) के सेवादार देव वाटिका निवासी 40 वर्षीय दिव्यांग योगेश उर्फ सोनू कामरा की शुक्रवार देर रात कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। शनिवार सुबह गोशाला के अंदर जमीन पर उनका शव लहूलुहान हालत में मिला। पास में खून से सनी कुल्हाड़ी पड़ी थी। हत्या करने का आरोप गोशाला में काम करने वाले दो युवकों राजीव नगर निवासी अमन और जींद के रहने वाले कपिल पर लगा है। वारदात के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं।
गोशाला के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे बंद हैं। मृतक के पर्स से रुपये और मोबाइल फोन भी नहीं मिला। वारदात का पता चलने पर डीएसपी कप्तान सिंह, एचटीएम थाना प्रभारी बलवंत सिंह और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया।
सुबह गायाें को पानी पिलाने आए तो पता चला
गोसेवक अनिल कुंडू ने बताया कि वह रोज सुबह साढ़े चार बजे गोशाला में गायों को पानी पिलाने के लिए जाता है। जब गोशाला पहुंचा तो मुख्य गेट अंदर और बाहर से बंद था। दरवाजा खटखटाया लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला। दरवाजा न खुलने पर गोशाला सचिव भीम मक्कड़ के घर गया। उनको साथ लेकर गोशाला पहुंचा। इस बार भी आवाज लगाने पर दरवाजा न खुलने पर पीछे के रास्ते से अंदर गए तो देखा कि सोनू कामरा जख्मी हालत में जमीन पर पड़ा था। सिर से खून बह रहा था और पास में कुल्हाड़ी पड़ी हुई थी। इस बारे में पुलिस को अवगत करवाया।
हत्या का केस दर्ज
मृतक के पिता राजकुमार के बयान पर राजीव नगर निवासी अमन और जींद के आसन निवासी कपिल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस छापे मार रही है।
बलवंत सिंह, एचटीएम थाना प्रभारी, हिसार